मुरैना। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज दावा करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने अपने वचन के अनुरूप किसानों के दो लाख रुपयों तक के ऋण माफ किए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मुरैना जिले के दिमनी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रंिवद्र सिंह तोमर के पक्ष में दिमनी में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं राज्य के पूर्व मंत्री अजय सिंह भी मौजूद थे।  

कमलनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के समय अपने वचनपत्र में किसानों के दो लाख रुपए तक के ऋण माफ करने का वादा किया था और उसे पूरा भी किया गया है। कांग्रेस की सरकार बनने पर शेष किसानों के भी कर्ज माफ किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में भाजपा नेता असत्य बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 15 माह के शासन के दौरान अपनी नीति और नीयत का परिचय दिया है।  

सरकार बनने पर पार्टी अपने अन्य वचन भी पूरा करेगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को चेतावनी दी कि वे पुलिसिया अत्याचार बंद कर दें, अन्यथा उपचुनाव के बाद भी दिन आएंगे। उन्होंने प्रशासन के अधिकारियों से कहा कि जो अधिकारी ‘भाजपा के बिल्ले’ रखकर घूम रहे हैं, वे भी समझ लें। इसके पहले वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इस चंबल के लोगों को गद्दारी बर्दाश्त नहीं होती है। इसलिए वे कांग्रेस के साथ गद्दारी करने वालों को सबक सिखाएं और कांग्रेस को विजयी बनाकर कमलनाथ को फिर से मुख्यमंत्री बनाएं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *