भोपाल। देश के साथ ही मध्यप्रदेश में भी कोरोना संक्रमण के मामले एक बार फिर से बढ़ने और दो विधायकों के संक्रमित पाए जाने के बीच जारी बजट सत्र के दौरान अब विधानसभा में ऐहतियातन सख्ती बरतने का निर्णय लिया गया है। 

विधानसभा की सोमवार यानी 15 मार्च से फिर से बैठक प्रारंभ हो रही है। सत्र 22 फरवरी को प्रारंभ हुआ था और दो दिन पहले दो विधायक डॉ विजयलक्ष्मी साधौ और निलय डागा कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इस सूचना के बाद इनके संपर्क में आए लोगों के साथ ही विधानसभा परिसर में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा विधायकों के लिए भी नए दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम और प्रमुख सचिव ए पी सिंह ने आज अपना कोरोना टेस्ट करवाया और दोनों की रिपोर्ट निगेटिव आयी। इसके बावजूद श्री गौतम और अन्य संबंधित व्यक्ति पूरी तरह ऐहतियात बरत रहे हैं। 

गौतम ने आज मीडिया से कहा कि सदन की बैठक में लगातार शामिल रहीं डॉ साधौ के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद ऐहतियात की दृष्टि से विधानसभा परिसर में प्रवेश प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। सदन की सभी दीर्घाओं में प्रवेश बंद कर दिया गया है। बिना मॉस्क के विधानसभा में कोई प्रवेश नहीं कर सकेगा। उन्होंने सभी विधायकों से अपना कोरोना टेस्ट करवाने का अनुरोध भी किया है। रिपोर्ट से विधानसभा सचिवालय को भी अवगत कराने के लिए कहा गया है। विधायकों के लिए रेपिड एंटीजन टेस्ट की व्यवस्था विधायक विश्राम गृह और विधानसभा परिसर में स्थित अस्पताल में की गयी है। 

कोरोना संक्रमण रोकने के लिए जारी किए गए दिशानिर्देशों में सदस्यों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने साथ आगंतुकों को नहीं लाएं। विधायकों के निज सहायकों और सुरक्षाकर्मचारियों आदि का प्रवेश भी विधानसभा में वर्जित किया गया है। मंत्रियों की निजी स्थापना के अधिकारियों कर्मचारियों में से मात्र एक व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति रहेगी और वे कोरोना संबंधी बचाव निर्देशों का पालन करते हुए संबंधित मंत्री के कक्ष में ही रहेंगे। 

सदस्यों से अनुरोध किया गया है कि वे सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए सदन में अपने निर्धारित स्थान पर ही आसीन रहें। अस्वस्थ होने पर या श्वांस संबंधी, मधुमेह, हृदयरोग, उच्च रक्तचाप आदि से पीड़ति सदस्यों की उपस्थिति वर्चुअल तरीके से मान्य की गयी है। स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकों की सलाह लेने का अनुरोध सदस्यों से किया गया है। विधानसभा परिसर में सदस्यों के लिए काढ़े और हर्बल चाय की व्यवस्था की गयी है। विधानसभा का बजट सत्र 26 मार्च तक प्रस्तावित है। तय कार्यक्रम के अनुसार अभी लगभग दस बैठकें और होना प्रस्तावित है। 

मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण के कल 530 नए मामले सामने आए हैं और इनकी कुल संख्या बढ़कर 2,66,573 हो गयी है। इसके अलावा मृत्यु के चार नए मामले दर्ज हुए हैं और मृतकों की संख्या बढ़कर 3881 हो गयी है। नए मामलों की तुलना में ठीक होने वालों की संख्या 347 रही और वर्तमान में सक्रिय मामले बढ़कर 4094 हो गए हैं। राज्य में पिछले कुछ दिनों से कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। कल सबसे अधिक 196 मामले इंदौर जिले में और 58 मामले भोपाल जिले में दर्ज किए गए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *