मुंबई। देश में कोरोना महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान रिकॉर्ड 57 हजार से अधिक नये मामले सामने आये और सक्रिय मामलों में 29,000 से अधिक की वृद्धि दर्ज की गयी जो पूरे देश में सर्वाधिक है। इस दौरान सक्रिय मामलों में 29,331 की और वृद्धि होने से इनकी संख्या रविवार को बढ़कर 4,30,503 तक पहुंच गयी।

राज्य में इस दौरान संक्रमण के सर्वाधिक एवं रिकॉर्ड (पूरे देश में) 57,074 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 30 लाख के पार 30,10,597 पहुंच गयी है। इससे पहले शनिवार को  49,447 मामले, शुक्रवार को 47,827 मामले, गुरुवार को 43,183 मामले, बुधवार को 39,544 मामले, मंगलवार को 27,918 मामले तथा सोमवार को 31,643 नये मामले सामने आये थे।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इसी अवधि में 27,508 मरीजों के स्वस्थ होने से इस संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या बढ़कर 25 लाख के पार 25,22,823 हो गयी है तथा सबसे अधिक 222 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा  55,878 तक पहुंच गया। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आंशिक गिरावट के साथ 83.8 फीसदी पर पहुंच गयी जबकि मृत्यु दर 1.86 प्रतिशत है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र देश में कोरोना संक्रमण की चपेट में आने के बाद कुल मामलों, सक्रिय मामलों, कुल स्वस्थ होने वालों और इस वायरस से होने वाली मौत के मामले में पहले स्थान पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *