नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर का कहर लगातार जारी है। देश में कोरोना के आंकड़े डेली रिकॉर्ड बना रहे हैं। यह आंकड़े डराने वाले हैं। पिछले 24 घंटे में देश में करीब डेढ़ करोड़ लोग संक्रमित पाए गए। इससे पहले शुक्रवार को 1.45 लाख नए केस मिले थे। संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए कई राज्यों में लॉकडाउन लगाया गया है। 

देश में शनिवार को कोरोना के 1 लाख 52 हजार 565 केस सामने आए। कोविड की शुरुआत के बाद से पहली बार एक दिन में इतने ज्यादा संक्रमितों की पहचान हुई है। पिछले 24 घंटे में 90,328 लोग ठीक भी हुए और 838 लोगों की मौत हुई। मौत के मामले में इस साल दूसरी बार एक दिन में 800 या इससे ज्यादा लोगों ने जान गंवाई है। इससे पहले 8 अप्रैल को 802 लोगों की मौत हुई थी। देश में एक्टिव केस का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। बीते दिन इसमें 61,329 की बढ़ोतरी रिकॉर्ड हुई और एक्टिव केस का आंकड़ा 11 लाख 2 हजार 370 तक पहुंच गया है।

बीते पांच दिनों के कोरोना ग्राफ
9 अप्रैल 2021 का कोरोना डेटा: 144,829 नए केस और 773 मौतें
8 अप्रैल 2021 का कोरोना डेटा: 131,893 नए केस और 802 मौतें
7 अप्रैल 2021 का कोरोना डेटा: 126,315 नए केस और 684 मौतें
6 अप्रैल 2021 का कोरोना डेटा: 115,269 नए केस और 631 मौतें
5 अप्रैल 2021 का कोरोना डेटा: 96,557 नए केस और 445 मौतें

अब तक 1.33 करोड़ लोग संक्रमित
देश में अब तक 1 करोड़ 33 लाख 55 हजार से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 20 लाख 78 हजार लोग ठीक हो चुके हैं। 1 लाख 69 हजार 305 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 10 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

मध्यप्रदेश
राज्य में शनिवार को 4,986 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 2,741 लोग रिकवर हुए और 24 की मौत हो गई। अब तक यहां 3.32 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2.95 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। 4160 मरीजों की जान चली गई। 32,707 मरीजों का इलाज चल रहा है।

इससे पहले शनिवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रालय में वीडियो कांफ्रेंस के जरिए जिलों के क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटी से कोविड-19 के नियंत्रण पर चर्चा की। सभी जिलों से हालात के बारे में जानकारी ली और उनसे सुझाव भी मांगे। इसके बाद सरकार ने निर्णय लिया कि –

  • बड़वानी, राजगढ़, विदिशा जिलों में (शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में ) 19 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन रहेगा। 
  • जबकि बालाघाट, नरसिंहपुर, सिवनी जिलों (शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों) और जबलपुर शहर में 12 अप्रैल की रात से 22 अप्रैल की सुबह तक लॉकडाउन रहेगा। 
  • इंदौर शहर, राऊ नगर, महू नगर, शाजापुर शहर और उज्जैन शहर (उज्जैन जिले के सभी नगरों) में 19 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक लगातार लॉकडाउन बना रहेगा। 

प्रदेश में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं, जिसको देखते हुए सरकार की टेंशन बढ़ गई है। इसलिए कई शहरों में लॉकडाउन की अवधि बढ़ाई गई है। फिलहाल, सभी शहरों में शनिवार और रविवार का वीकेंड लॉकडाउन है। इधर, शनिवार को उज्जैन में महाकाल मंदिर के पुजारी की कोरोना से मौत हो गई। जबकि दो अन्य पुजारी संक्रमित होने से अस्पताल में भर्ती हैं। उज्जैन के सभी मंदिर बंद कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *