मुंबई। महाराष्ट्र में कोरोना से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे रविवार शाम कोरोना टास्क फोर्स के साथ बैठक की। इस बैठक में कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए सभी संभावित उपायों पर चर्चा की गई। कोराेना टास्क फोर्स ने राज्य में 14 दिन का लॉकडाउन लगाने की सिफारिश की। इस पर अंतिम फैसला मुख्यमंत्री को लेना है।

कोरोना टास्क फोर्स का कहना था कि प्रदेश में 14 दिनों के लिए लॉकडाउन लगाया जाए, जिससे संक्रमण की चेन ब्रेक हो सके। इससे कम समय के लॉकडाउन से उद्देश्य पूरा नहीं होगा। कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे आठ दिन के लॉकडाउन के समर्थन में हैं। हालांकि लॉकडाउन लागू होने पर नियम काफी सख्त होने वाले हैं। 

टास्क फोर्स में लॉकडाउन को लेकर सभी सदस्य एकमत नहीं
टास्क फोर्स की मीटिंग में तीन सदस्य आठ दिनों के लिए लॉकडाउन लगाने के समर्थन में हैं। बाकी के सारे सदस्य 14 दिनों के लिए लॉकडाउन लगाने के समर्थन में हैं। कोविड टास्क फोर्स का कहना है कि लॉकडाउन से चेन ब्रेक करना बहुत जरूरी है।

मुंबई में शराब की होम डिलीवरी की छूट
इस बीच, बृहन्मुंबई पालिका परिषद (बीएमसी) ने महानगर में सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक शराब की होम डिलीवरी की अनुमति दे दी है। होम डिलीवरी करने वाले कर्मचारियों को कोरोना से बचाव के सभी नियमों का पालन करना होगा।

सीएम ने ऑल पार्टी मीटिंग में कहा था- कठिन फैसला लेने का वक्त
इससे पहले मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शनिवार शाम सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। इस बैठक में महाविकास अघाड़ी के सभी प्रमुख नेताओं के अलावा नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडनवीस और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए कठिन निर्णय लेने का वक्त आ गया है। अब लॉकडाउन के सिवाय कोई और विकल्प नहीं दिख रहा है। मुख्यमंत्री ने बैठक में भरोसा दिलाया था कि सरकार गरीबों, मजदूरों और दैनिक वेतन भोगियों को होने वाली परेशानियों को दूर करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *