महाराष्ट्र में कोरोना के बिगड़ते हालात के बीच मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे आज कोरोना टास्क फोर्स के साथ बैठक की। लॉकडाउन को लेकर कोई फैसला नहीं हो सका और कल फिर एक बार ये बैठक होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि सोमवार को किसी भी समय, प्रदेश में कंप्लीट लॉकडाउन का ऐलान किया जा सकता है।
उधर, महाराष्ट्र में कोरोना के मामलों में तेजी बनी हुई है। पिछले 24 घंटों में यहां कोविड संक्रमण के 63,294 नये मामले दर्ज हुए हैं, जबकि 349 की मौत हो गई। इसके साथ ही प्रदेश में कुल संक्रमति मामलों की संख्या बढ़कर 34,07,245 हो गई है, जबकि मरनेवालों का आंकड़ा 57,987 पहुंच गई है।
दिल्ली में रिकॉर्ड स्तर पर कोरोना, कई तरह की लगी पाबंदी
राजधानी दिल्ली में कोरोना रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। रविवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में राजधानी में संक्रमण के 10,774 नये मामले सामने आये हैं, और 48 लोगों की मौत हुई है। इस तरह दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 7, 25,197 पहुंच गई है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सभी को कोरोना का वैक्सीन लगाने की अनुमति देने की मांग की है।
बेकाबू हो चुके कोरोना के बीच दिल्ली सरकार ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने देर शाम आदेश जारी कर भीड़ जमा होने वाले सभी सामाजिक, धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी है। बसों की सभी सीटों पर बैठने की मिली छूट को खत्म करते हुए इसे अब 50 फीसद कर दिया गया है। मेट्रो की बोगी में भी अब क्षमता से 50 फीसद लोग ही यात्रा कर सकेंगे। किसी भी स्टेडियम में बड़े खेल कार्यक्रमों में दर्शकों के बैठने की अनुमति नहीं होगी।
