भोपाल । नजीराबाद इलाके में एक मनचले ने घर के सामने महिला पर तेजाब से हमला कर दिया। महिला ने बचने के लिए दौड़ तो लगाई लेकिन तेजाब से उसके पीठ का हिस्सा कमर तक झुलस गया। करीब 10 फीसदी झुलसी हालत में उसे नजीराबाद से इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया गया।
एएसपी जोन-4 अजय पांडे के मुताबिक ग्राम कढायाकलां, नजीराबाद निवासी 22 वर्षीय प्रीति अहिरवार नामक महिला की दो साल पहले बिल्लोरी, विदिशा में शादी हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल वालों से विवाद होने लगा और शादी के डेढ़ साल बाद उसका तलाक हो गया। तलाक के बाद से ही वह मायके में पिता के साथ रह रही है। मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे उसे झुलसी हालत में नजीराबाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसने पुलिस को बताया कि उसे पड़ोस में रहने वाले गोलू उर्फ राजकुमार अहिरवार 20 ने तेजाब से जला दिया। करीब 10 फीसदी झुलसने के कारण उसे नजीराबाद से भोपाल रेफर कर दिया गया। लेकिन परिजनों ने भोपाल में उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराने से मना कर दिया। हालांकि वे उसे कहां ले गए, इसकी सूचना पुलिस को नहीं मिल पाई।
बात करते समय फेंका एसिड: पीडि़त महिला ने पुलिस को दिए अपने प्रारंभिक बयान में बताया कि गोलू उससे सुबह बात कर रहा था। किसी बात पर विवाद होने पर उसने तेजाब निकाला और उसकी तरफ फेंकने की धमकी देने लगा। उसने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वह नहीं माना तो वह घर की तरफ मुड़कर दौडऩे लगी। इसी दौरान उसने पीछे से तेजाब फेंक दिया, जिससे उसे कंधे से कमर तक हिस्सा झुलस गया। पुलिस महिला पर तेजाब के पीछे पुलिस एकतरफा प्रेम प्रसंग की आशंका जता रही है। हालांकि एएसपी ने बताया कि पीडि़ता के पूरे बयान होने के बाद ही मामले की हकीकत सामने आ पाएगी।
दोस्त के कहने पर फेंका : इधर महिला के प्रारंभिक बयान के आधार पर आरोपी गोलू को हिरासत में ले लिया है। गोलू ने पुलिस को बताया कि उसने अपने दोस्त के कहने पर महिला पर तेजाब फेंका था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक आरोपी की तलाश में दबिश दी, लेकिन उसका पता नहीं चला। पुलिस ने आरोपी केदोस्त का नाम का खुलासा करने से मना कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *