भोपाल। उत्तर प्रदेश में जनसंख्या नियंत्रण कानून का ड्राफ्ट तैयार किए जाने के बाद अब मध्यप्रदेश में भी इसको लेकर आवाज उठने लगी है। भोपाल और मंदसौर सांसद के बाद अब विधायक भी इसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मांग करने लगे हैं। इनका कहना है कि सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए सरकार को इसके लिए कानून बनाकर लागू किया जाना चाहिए।
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने इसको लेकर आज सीएम शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है। विधायक शर्मा ने कहा कि दस साल पहले प्रदेश की आबादी सवा सात करोड़ थी जो अब एक करोड़ से अधिक बढ़ चुकी है। यह आबादी विकसित देशों स्पेन, फ्रांस, इटली, ब्रिटेन आदि से अधिक है जहां संसाधन तो हैं पर आबादी कम है। ऐसे में प्रदेश में भी जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाकर लागू किया जाना चाहिए। गौरतलब है कि दो दिन पहले भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने बांग्लादेश से आने वाले रोहिंग्या शरणार्थियों को लेकर राज्य सरकार को चेताया था। तब उन्होंने कहा था कि जनसंख्या नियंत्रण कानून आज की जरूरत है। मध्यप्रदेश में तुरंत ही जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू किया जाना चाहिए। इसके पहले इसी मामले में मंदसौर सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी सुधीर गुप्ता ने भी एक सवाल के जवाब में कहा था कि एक्टर आमिर खान पर तंज कसते हुए कहा था कि उनके जैसे लोग जनसंख्या वृद्धि की वजह बनते हैं।
विहिप का समर्थन लेकिन एक बच्चे पर सहमत नहीं
उधर विश्व हिन्दू परिषद ने यूपी सरकार के कानून के ड्राफ्ट का समर्थन किया है लेकिन इसका विरोध किया है कि एक बच्चे की नीति लागू हो। विहिप ने यूपी सरकार से इस पर विचार करने को कहा है और अन्य सरकारों को भी इस नीति का अनुसरण नहीं करने की सलाह दी है। विहिप की ओर से कहा गया है कि यूपी सरकार की एक बच्चे की नीति अलग-अलग समुदायों के बीच असंतुलन पैदा कर सकती है। कई प्रदेशों में पहले ही असंतुलन की स्थिति बन चुकी है। असम और केरल में हिन्दू प्रजनन दर 2.1 प्रतिशत से कम हो गई है। विहिप ने दो बच्चे की नीति के साथ इसे लागू करने पर जोर दिया है।