भोपाल। बैतूल की 18 साल की 12वीं की छात्रा ने मर्जी के बिना शादी होने पर अपने ही पति पर दुष्कर्म का केस दर्ज कर दिया। बैतूल में शून्य पर FIR होने के बाद जांच के लिए केस डायरी भोपाल के पिपलानी थाने भेज दी है। हालांकि परिवार वालों के कहने पर लड़की प्रेमी के खिलाफ भी दुष्कर्म का केस दर्ज करा चुकी है। घर वालों ने जबरन शादीशुदा युवक से लड़की की दूसरी शादी कर दी थी।

पिपलानी थाने के टीआई चैन सिंह रघुवंशी ने बताया, बैतूल पुलिस ने दुष्कर्म के मामले की केस डायरी भेजी है। 18 साल की लड़की ने पिपलानी इलाके में दुष्कर्म किए जाने की शिकायत की थी। उसने बताया, वह अपने गांव में रहने वाले अपने प्रेमी के साथ 27 दिसंबर 2020 भाग को गई थी। बैतूल पुलिस ने मुझे भोपाल से खोजकर परिजनों को सौंप दिया था।

उसके बाद दादा ने छोटे दादा के घर अशोका गार्डन पहुंचा दिया। यहां दो महीने तक रही। यहां उन्होंने मेरी मर्जी के बिना रिश्ता तय कर दिया। उन्होंने 27 अप्रैल को शादी भी करवा दी। इसके बाद वह पिपलानी थाना क्षेत्र में रहने लगी। पति को इंदौर में नौकरी मिलने के कारण वह इंदौर चली गई, लेकिन लड़की वहां से अचानक पति को छोड़कर घर आ गई।

बैतूल पहुंचने के बाद उसने पति पर ही दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करा दिया। उसका कहना था, पति ने घर वालों के साथ मिलकर उसके साथ जबरन शादी की। दो महीने तक उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध भी बनाए। बैतूल पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पति के खिलाफ जीरो पर केस दर्ज कर डायरी भोपाल भेज दी। पिपलानी पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। बताया जाता है, लड़का पहले से शादीशुदा है।

प्रेमी जेल तक जा चुका

लड़की के प्रेम प्रसंग की बात का पता चलते ही घरवालों ने उसका घर से आना-जाना बंद कर दिया। इसी कारण छात्रा प्रेमी के साथ भाग गई थी। पकड़े जाने पर छात्रा ने प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। उस समय उसने बताया था कि युवक उसे बहला-फुसलाकर ले गया। उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।

बैतूल पुलिस ने प्रेमी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इधर, घरवालों ने भोपाल में रहने वाले अनिल नाम के युवक से लड़की की शादी कर दी। शुरूआती जांच में यह बात भी सामने आई है, जेल से छूटने के बाद प्रेमी फिर से लड़की के संपर्क में आ गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *