रोहतास। बिहार के रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के बभनी बाजार में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति-पत्नी ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। मृतक दंपति की पहचान 28 वर्षीय ओम प्रकाश पांडे और उनकी पत्नी 22 वर्षीय सलोनी कुमारी के रूप में हुई है। मौत के बाद दोनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया।
दंपती की शादी पिछले साल अप्रैल में हुई थी। पति के बेरोजगार होने से पत्नी नाराज चल रही थी। वहीं लड़का भी डिप्रेशन में था। इसी के चलते शुक्रवार की देर को ओम प्रकाश ने पहले अपनी पत्नी सलोनी को जहर खिलाया और उसके बाद खुद भी खा लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
गांव वालों ने बताया कि ओम प्रकाश पांडे की शादी शिवसागर थाना क्षेत्र के मदैनी गांव की रहने वाली सलोनी के साथ हुई थी। वह गांव में ही रह कर थोड़ी बहुत खेती-बाड़ी का काम करता था। उसकी माली हालात सही नहीं थी। बेरोजगारी को लेकर वह डिप्रेशन में भी रहता था। वहीं, पत्नी भी बेरोजगार लड़के से शादी को लेकर नाखुश थी और वह इस बात को लेकर नाराज भी थी। इसी वजह से वह भी मेंटल स्ट्रेस में थी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात ओम प्रकाश पांडे ने सबसे पहले अपनी पत्नी को जबरदस्ती जहर दिया, उसके बाद खुद जहर खा लिया। पहले पत्नी की मौत हो गई। उसके 1 घंटे बाद पति की मौत हो गई। परिजन जानकारी मिलते ही तुरंत सासाराम स्थित निजी क्लिनिक में ले गए, जहां उनकी मौत हो गई। इसके बाद लड़की पक्ष और लड़के पक्ष के परिजनों ने दोनों का दाह-संस्कार शनिवार सुबह कर दिया।