ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के गोरमी में दिव्यांग से शादी के नाम पर 4 लोगों ने 90 हजार रुपए ठग लिए। गिरोह में युवती भी शामिल है। आरोपियों ने रुपए लेकर युवती से शादी करवा दी। फेरे, वरमाला और आशीर्वाद जैसी सभी रस्में हुई। रात में जब सभी रस्में पूरी हो गई फिर सुहागरात की तैयारी चल रही थी तभी दुल्हन ने अपने पति से कहा कि उसकी तबियत ठीक नहीं है वह अकेली कमरे की छत पर जाकर सोना चाहती है। दुल्हन शादी वाली साडी में ही छत पर सोने चली गई। देर रात को दुल्हन छत के रास्ते नीचे कूदकर अपने 2 साथियों के साथ भाग गई। शादी के जोडे में ही भाग रही दुल्हन को गोरमी थाने की पुलिस जो रात्रि गस्त पर थी ने पकड लिया।

गोरमी के वार्ड क्रमांक- 3 में रहने वाले सोनू जैन 29 वर्ष एक पैर से दिव्यांग है। इस कारण उसकी शादी नहीं हो पा रही थी। उसके दूसरे भाइयों की शादी होकर गृहस्थी बस गई थी। सोनू अब तक कुंवारा था। सोनू का संपर्क ग्वालियर में समाधिया कॉलोनी के रहने वाले ऊदल खटीक से हुआ। ऊदल ने शादी के लिए एक लाख रुपए खर्च करने की बात कही, लेकिन बाद में एक लाख 46 हजार रुपए खर्च हुए।

27 जुलाई को ऊदल तीन साथी जितेंद्र रत्नाकर निवासी जनकगंज, अरुण खटीक निवासी भितरवार के साथ आए। इस दौरान वह 35 वर्षीय महिला अनीता को भी लाए। ऊदल एक लाख 46 हजार रुपए लेकर चला गया। वहीं, अनीता और दो साथी वहीं रुक गए। इसके बाद दिनभर गाना-बजाना चला। शादी की रस्में पूरी की गईं। दोनों की शादी कर दी गई।

अनीता ने जितेंद्र को अपना भाई और अरुण को रिश्तेदार बताया। दोनों ने कहा, हमें रात में यहीं रुकना है, सुबह चले जाएंगे। उन्होंने घर के बाहर सोने की इच्छा जताई। रात करीब 12 बजेे अनीता ने सोनू से कहा, मेरी तबीयत ठीक नहीं है। छत पर जाना चाहती हूं। यह कहकर वो छत पर चली गई। इस दौरान सभी लोग सो रहे थे। अनीता छत के रास्ते टीन की चादर पर कूदकर उतरने लगी। वह नीचे सो रहे दो साथियों के साथ घर से भाग गई। भागने की फिराक में थी। लेकिन गस्त कर रही पुलिस ने पकड लिया।
पूछताछ में अनीता ने पुलिस को बताया, वह पहले से शादीशुदा है। उसने पति से तलाक ले लिया। उसका 15 साल का बेटा भी है। उसे एक दिन की दुल्हन बनने के 5 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। इसी तरह, 5-5 हजार मिलने की बात आरोपी जितेंद्र और अरुण द्वारा बताई जा रही हैं। गोरमी थाना प्रभारी मनोज राजपूत ने आज यहां बताया कि गिरोह के दो युवक व महिला को पकड़ लिया है। मास्टरमाइंड ऊदल अभी फरार है। जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने महिला व उसके 2 साथियों को आज भिण्ड न्यायालय में पेश किया जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया है।