ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में चाहे रेत माफिया हो या फिर मावा माफिया। जिले से माफियाराज खत्म हो। भिण्ड में माफिया पनपने न पाएं। ये बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने रावतपुरा धार्मिक स्थल पर दो दिवसीय प्रवास के दौरान भिण्ड जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान कही। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि भिण्ड को समृद्ध व विकसित जिला बनाना है। इस दौरान कई अधिकारियों को फटकार भी लगाई।
बैठक के दौरान जिले के प्रशासनिक अधिकारियों की जमकर क्लास ली। उन्होंने कहा कि भिण्ड के कई अधिकारियों की लगातार शिकायतें आ रही है। ऐसे अधिकारी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करें। जनता की सेवा करें। सेवा भाव से नौकरी करें। राशन वितरण में कोई गड़बड़ी न हो। लाड़ली लक्ष्मी, आंगनबाड़ी, अडॉप्शन, कन्या विवाह योजना जैसी स्कीम का जमीनी स्तर पर लोगों को लाभ मिलना चाहिए।
इसी दौरान गरीबों के राशन का जिक्र किया और कहा कि कोई भी वंचित राशन वितरण योजना से दूर न रहे। हर गरीब का घर पक्का बने। मनरेगा में मजदूरों से तालाब की खुदाई कराई जाए। मशीनरी का उपयोग नहीं करना है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सख्ती से कहा कि दो काम आप लोगों को ध्यान रखना है एक माफिया न पनपने पाए और दूसरा जिले में गौरव दिवस का क्रियान्वयन किया जाता रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनो के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता रहे इस ओर हर संभव प्रयास किए जाएं। जिससे आम व्यक्ति के जीवन स्तर में वृिद्ध हो। बैठक से पहले रावतपुरा के संत रविशंकर महाराज के साथ सीएम चैहान व उनकी पत्नी साधना सिंह ने आंवला का पौधा रोपा।
रावतपुरा प्रवास के दूसरे दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने अधिकारियों के साथ बैठक ली। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान व साधना सिंह रावतपुरा धार्मिक स्थल पर नवनिर्मित गोशाला का लोकापर्ण करने पहुंचे। यहां उन्होंने नवनिर्मित गोशाला का फीता काटकर लोकापर्ण भी किया।
