ग्वालियर। कांग्रेस महासचिव अब पुन: जोश खरोश से प्रदेश में सक्रिय हो गये हैं। आज उन्होंने ग्वालियर में कांग्रेसियों की क्लास ली और उन्हें प्रदेश में सत्ता वापसी में लौटने के लिये गुरू मंत्र दिये। इतना जरूर दिखा कि दिग्विजय के सक्रिय होने से कांग्रेसी दिग्गज भी उत्साहित दिखे।

मध्यप्रदेश में अपने चहेते पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह की ताजपोशी नेता प्रतिपक्ष पर कराने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह वेहद उत्साहित हैं उन्हें आलाकमान ने विशेष रूप से कांग्रेस छोडकर गये केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य के प्रभाव वाले क्षेत्र ग्वालियर चंबल संभाग का प्रभारी भी नियुक्त किया है। राजा यानी दिग्विजय सिंह अपने पुराने गोपनीय राजनैतिक प्रतिद्वंदी रहे महाराजा यानी ज्योतिरादित्य सिंधिया से आमने -सामने के मुकाबले के लिये अब पांसे भी फेंकने लगे हैं।

आज इसी क्रम में उन्होंने ग्वालियर में पहली बार कांग्रेस की वृहद बैठक होअल सेन्ट्रल पार्क में ली, इस बैठक में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं से लेकर अंचल से प्रदेश पदाधिकारी , १७ विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, ग्वालियर-चंबल संभाग के आठों जिलों के शहर और ग्रामीण अध्यक्षों ने शिरकत की। बैठक में दिग्विजय सिंह ने सभी कांग्रेस जनों को सत्ता में लौटने के टिप्स दिये।

उन्होंने कहा कि आप हर जनसमस्या को लेकर अब घरों से निकलें, बडे प्रदर्शन और आंदोलन करें। सरकार की जन विरोधी नीतियों, मंहगाई, भ्रष्टाचार को लेकर पब्लिक को जोडें, सोशल मीडिया का भरपूर उपयोग करें, ताकि हमें २०१८ की तरह २०२३ में हर हालत में सत्ता प्राप्त करनी है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले विधायकों की गददारी की वजह से सरकार गई अब नहीं होगा। हम पूरे पांच साल सरकार चलायेंगे और कांग्रेसियों की ताजपोशी (निगम मंडलों में) करने में भी कोई कंजूसी नहीं करेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने सभी कांग्रेस जनों को टिप्स दिये कि आप मीडिया से बेहतर संबंध रखें, मीडिया हमें सत्ता तक पहुंचाने की कडी भी है। मीडिया का भरपूर उपयोग करनें लेकिन इसके लिये आपके मीडिया से संबंध जरूरी ळै। विशेष बात यह है कि दिग्विजय सिंह की बात सभी कांग्रेस जनों ने ध्यान से सुनी और समर्थन भी किया।

इस संदर्भ में सूत्रों का कहना है कि अब राजा साहब राज्य की कमजोर कढियां उजागर कर प्रदेश मेें सत्ता वापसी का कांग्रेस का सपना पूरा करने में अहम रोल अदा करने की तैयारी में हैं। वैसे आज जिस तरह से बैठक स्थल होटल सेन्ट्रल पार्क में कांग्रेसियों की भीड दिखी उससे लगता है कि दिग्विजय इस बार टीम भावना का उदघोष लेकर मैदान में उतरे हैं।
बैठक में आज दिग्विजय सिंह के साथ नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव, विधायक लाखन सिंह, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत, फूलसिंह बरैया, आदि ऐसे नाम थे , जिन्होंने पूरी ईमानदारी से पुराने अनुभव भूलकर राजा साहब की हां मे हां मिलाई।