ग्वालियर। हर इंसान को जिंदगी में सपने जरुर देखना चाहिए, क्योंकि जब हम सपने देखते हैं तो उन्हें साकार करने के लिए प्रेरणा मिलती है और हम उसे सफल बनाने के प्रयास में लग जाते है। उक्त बात पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने भिण्ड के हाउसिंग कॉलोनी में स्थित कोंचिंग सेंटरों में पढने आने वाले छात्र-छात्राओं से आयोजित एक कार्यक्रम में कही।
एसपी भसीन ने छात्र-छात्राओं से वन-टू-वन चर्चा करते हुए कहा कि आप सभी को कामयाबी के शिखर तक पहुंचाने के लिए आपके माता-पिता अपना सर्वस्त्र न्यौछावर कर शिक्षित करने का प्रयास कर रहे है। माता-पिता अपनी खुशियों को नजर अंदाज कर आप सभी के लिए हर खुशी देने की कोशिश करते हैं। इसका सटीक उदाहरण यह है कि आप देंखे कि आपके माता-पिता आपके लिए क्या-क्या कर रहे है। उन्होंने कहा कि आजकल इंटरनेट का युग है इसके माध्यम से हम सभी को घर बैठे महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल हो जाती है इसका लाभ लेना चाहिए। विज्ञान की इस उपलब्धि का साकारात्मक प्रयोग करते हुए ज्ञान अर्जित करना चाहिए।
एसपी भसीन ने कहा कि हम सभी को कम से कम किसी एक खेल से जरुर जुडना चाहिए। खेल के माध्यम से हम सभी में अनुशासन का भाव विकसित होता है। साथ ही खेल से शरीर को स्वस्थ व दिमाग को तेज करने में मदद मिलती है। खेलने से हमारे मन में टीम भावना प्रबल होती है। जो हमारे विकास में सहायक होती है। एसपी ने कहा कि दूरी कितनी तय कर ली यह महत्वपूर्ण नहीं है, आपकी दिशा क्या है ये महत्वपूर्ण है। अगर ये बात ध्यान में रहेगी तो लक्ष्य हासिल करने में कोई दिक्कत नहीं आएगी।