भोपाल। नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने मंगलवार को सरकार पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि, सरकार उन्हें सुविधा देने के बजाय अपमानित कर रही है। इस पर मंत्री भूपेंद्र सिंह बोले कि गोविंद सिंह कांग्रेस विरोधी रहे है। वे परिस्थिति वश कांग्रेस में है। डॉ. गोविंद सिंह ने मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा। इसमें सिंह ने लिखा कि राहुल गांधी की यात्रा मध्यप्रदेश में दाखिल होने वाली है। इसकी तैयारियों की जानकारी के लिए बुरहानपुर, खंडवा और खरगोन के दौरे पर गया था।

वाहन और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई गई। प्रशासनिक अधिकारी भी मिलने नहीं आया। उन्होंने आगे लिखा कि नेता प्रतिपक्ष होने के नाते कैबिनेट मंत्री का दर्जा होता है। यदि ऐसे ही निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अपमानित किया जाता रहा तो नेता प्रतिपक्ष के नाते मिलने वाली सभी सुविधाएं लौटा दूंगा।

उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद भी मेरे लिखे पत्रों का जवाब तक नहीं दिया जाता। न वाहन और सुरक्षा उपलब्ध कराया जाता है। 2003 के विधानसभा चुनाव में लहार विधानसभा क्षेत्र में दो व्यक्तियों की हत्या हुई थी। 2013 और 2018 में मेरे निवास पर गोलियां चलाई गई थी। 2009 के लोकसभा चुनाव के दौरान गोहद विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित कांग्रेस विधायक माखनलाल सिंह की हत्या हो चुकी है।

इस मामले में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि गोविंद सिंह कांग्रेस में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। वे सुलझे हुए नेता है। उन्हें कांग्रेस में घुटन महसूस होती है। उन जैसे नेता यदि भाजपा में होंगे तो निश्चित रूप से हम लोगों को अच्छा होगा। भूपेंद्र सिंह ने गोविंद सिंह को भाजपा में आने का आमंत्रण देने के सवाल पर कहा कि वे पहले से कांग्रेस विरोधी है। परिस्थितिवश कांग्रेस में गए हैं।