ग्वालियर। दशहरा मैदान थाठीपुर में कांग्रेस पार्टी द्वारा बृहद स्तर पर संत शिरोमणि रविदास महाराज की जयंती आज पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के मुख्य आतिथ्य में धूम-धाम से मनाई गई।  इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरूण यादव, नेता प्रतिपक्ष डाॅ. गोविन्द सिंह, प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रामनिवास रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं ग्वालियर प्रभारी महेन्द्र सिंह चौहान, महापौर श्रीमती डाॅ. शोभा सतीश सिकरवार, शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डाॅ. देवेन्द्र शर्मा, ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रभुदयाल जौहरे, पूर्व मंत्री एवं विधायक लाखन सिंह यादव, विधायक डाॅ. सतीश सिकरवार, विधायक प्रवीण पाठक, विधायक सुरेश राजे, विधायक प्रागीलाल जाटव, विधायक मेवाराम जाटव, विधायक बैजनाथ कुशवाह एवं अन्य वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक मौजूद रहे। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और अन्य सभी नेताओं ने संत शिरोमणि रविदास महाराज जी के छायाचित्र पर माल्यपर्ण कर नमन किया। कार्यक्रम में संत शिरोमणि रविदास महाराज जी के अनुयाईयों एवं सभी धर्मो के संतों और गुरूओं का शॉल-श्रीफल भेंट एवं माल्यपर्ण कर सम्मान किया गया।कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास महाराज जी चरणों में नमन करता हूॅ। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि रविदास महाराज जी ने हमें यह संदेश दिया कोई व्यक्ति किसी जाति में जन्म के कारण छोटा नहीं होता है, ब्लकि उसके कर्म उसे छोटा बनाते है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई देश नही है, जहां इतनी जातियां हों, जहां इतने युवा हों, जहां इतने देवी-देवता हो और इसके बाद भी सभी मिल-जुल कर रहते है। श्री नाथ ने संत शिरोमणि रविदास महाराज जी को याद करते हुये कहा कि आज हमें उनके संदेशों और आदर्शो पर अमल करके अपने जीवन को जीना चाहिए। हमारे देश में संस्कृति की नींव संतों द्वारा ही रखी गई है, आज अगर हमारा देश एक झण्ड़े के नीचे खडा है और देश की संस्कृति जोड़ने के संस्कार भी हमें संतों द्वारा ही दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि आज हम सब यह प्रण लेते है कि अपने देश की संस्कृति को जीवित रखेगें और बाबा साहब डाॅ. भीमराव अम्बेडकर के संविधान को आदर्श बनायेंगे। श्री नाथ ने कहा कि आज देश, प्रदेश एवं संस्कृति संकट में है, जिसका मुख्य कारण भाजपा के द्वारा फैलाया जा रहा अंधविश्‍वास है। आज हम सभी को यह तय करना है कि अपनी आने वाली पीढियों को हम कैसा देश व प्रदेश देना चाहते हैं, आज हमारे देश की संस्कृति खतरे में है और पंजाब में तो खालिस्तान के नारे लग रहे है। श्री नाथ ने कहा कि आने वाले चुनाव में हम सभी को देश व संस्कृति का भविष्‍य तय करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश को धर्म और जाति के आधार पर बांटना चाहती है, लेकिन एकता की आवाज बहुत ऊॅची होती है, आपको और हमको मिलकर ऐसा देश-प्रदेश अपनी आने वाली पीढियों को सौंपना है, जिसका सपना संत शिरोमणि रविदास महाराज जी एवं राष्‍ट्रपिता महात्मा गांधी ने देखा था। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उमड़े जन-समुदाय को संत शिरोमणि रविदास महाराज की जयंती की बधाई दी और कहा कि हमें गर्व है कि हम उस धरती पर पैदा हुये, जिस धरती पर संत और महात्मा जन्म लेते हैं। उन्होंने कहा कि करीब 600 वर्ष पहले गरीब और दलितों को शिक्षा का अधिकार नही था, संत शिरोमणि रविदास महाराज जी ने अपनी वाणी से गरीब और दलितों को शिक्षा का अधिकार दिलवाया। संत महाराज जी ने यह संदेश दिया कि हर धर्म का रास्ता एक ही है। लेकिन भाजपा ने आज देश में यह माहौल पैदा कर दिया है कि धर्म और संविधान खतरे में है। श्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा गरीबों का हक मारना चाहती है, लेकिन आप और हम मिलकर देश और संविधान को भाजपा से बचायेगें। 

पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरूण यादव ने कहा कि आज हम सब यहा पर संत शिरोमणि रविदास महाराज की जयंती मनाने के लिए एकत्रित हुये है, संत शिरोमणि रविदास जी ने पिछडों, दलितों को मुख्य धारा से जोडनें का काम किया है। आज हमारा देश और समाज साथ है तो सिर्फ संत शिरोमणि रविदास जी की आदर्शो एवं मार्गदर्शन की वजह से है। आज हम यह संकल्प लेते है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में पिछड़े, दलितों और नौजवानों की सरकार बनायेंगे। 

इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष डाॅ. गोविन्द सिंह, विधायक बैजनाथ कुशवाह, विधायक सुरेश राजे, पूर्व विधायक कमलापत आर्य आदि ने भी विचार व्यक्त किये। महापौर श्रीमती डाॅ. शोभा सतीश सिकरवार ने आभार एवं कांग्रेस के जिला कार्यवाहक अध्यक्ष अमर सिंह माहौर ने संचालन किया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद रामसेवक सिंह बाबूजी, पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव, पूर्व मंत्री वालेन्दु शुक्ला, प्रदेश कांग्रेस महासचिव वासुदेव शर्मा, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव साहब सिंह गुर्जर, पूर्व प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, वरिष्‍ठ नेत्री रश्‍मि पवार शर्मा, प्रदेश महामंत्री दशरथ सिंह गुर्जर, प्रदेश प्रवक्ता राम पाण्डे, संभागीय प्रवक्ता धमेन्द्र शर्मा, अल्पसंख्यक प्रकोष्‍ठ अध्यक्ष नाजिम खान, कार्यवाहक अध्यक्ष चर्तुभुज धनोलिया, इब्राहिम पठान, वीर सिंह तोमर, मोहन महेश्‍वरी, एम.आई.सी सदस्य अवधेश कौरव, ब्लाॅक अध्यक्ष विनोद जैन, देवेन्द्र चौहान, महादेव अपोरिया, गिर्राज शर्मा, अनूप शिवहरे, आदि मौजूद रहे।