भोपाल. मध्य प्रदेश की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन राजधानी भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से नई दिल्ली के बीच चलेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 अप्रैल को इसका शुभारंभ कर सकते हैं। पश्चिम मध्य रेल को इस ट्रेन के परिचालन और रखरखाव का जिम्मा सौंपा गया है। ट्रेन का रैक रविवार शाम रानी कमलापति स्टेशन पहुंच गया।
शताब्दी एक्सप्रेस से कम लेगी समय
जानकारी के अनुसार, शनिवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलने वाली यह गाड़ी रानी कमलापति से नई दिल्ली के बीच 708 किलोमीटर का सफर 7 घंटे 50 मिनट में तय करेगी। इस तरह से यह ट्रेन शताब्दी एक्सप्रेस की तुलना में 60 मिनट कम समय में सफर तय करेगी।
बताया गया है कि यह ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन से सुबह 5:55 मिनट पर रवाना होगी और सुबह 11:40 मिनट पर आगरा पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 1:45 मिनट पर नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में नई दिल्ली से यह ट्रेन दोपहर 2:45 बजे पर चलकर 4:45 बजे आगरा तथा रात 10: 35 बजे रानी कमलापति स्टेशन पहुंचेगी।
कितना होगा किराया
वंदे भारत एक्सप्रेस का रानी कमलापति से नई दिल्ली का किराया अभी तय नहीं हुआ है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रानी कमलापति से नई दिल्ली तक का एसी चेयरकार का किराया 2000 रुपये से कुछ से अधिक एवं एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 3300 तक हो सकता है।
वंदे भारत एक्सप्रेस में कुल 16 कोच हैं। इनमें 14 एसी चेयर कार और 2 एग्जीक्यूटिव क्लास कोच हैं। इसमें 1128 सीटें यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेंगी।
