मध्य प्रदेश के इंदौर में भीषण गर्मी के बीच एक दर्दनाक हादसा हुआ जहां कार में बंद होने से एक 4 साल की बच्ची की दम घुटने से मौत हो गई। रविवार को खेल-खेल में बच्ची कार के अंदर चली गई और अचानक गाड़ी का लॉक लग जाने के कारण वह अंदर ही फंस गई। भीषण गर्मी के कारण कुछ ही घंटों में उसकी हालत बिगड़ गई। जब काफी देर बाद परिजनों ने उसे ढूंढा तो वह कार में बेहोश मिली। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामला दर्ज कर हर पहलू से जांच कर रही है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह दर्दनाक घटना इंदौर के जूनी इंदौर थानाक्षेत्र में हुई। चार साल की बच्ची हाजरा खेल-खेल में ही कार में जा घुसी। इसी बीच कार अचानक लॉक हो गई। इससे बच्ची भीषण गर्मी के बीच कार में ही फंस कर रह गई।

अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि रविवार को जब बच्ची कार में थी, तब इस वाहन का ताला लग गया। बच्ची अंदर फंस गई। कुछ घंटे बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की तो उसको कार में बेसुध हालत में पाया। परिवार के लोग बच्ची को कार से निकाल कर आनन-फानन में अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद सामने आएगी मौत की वजह
अधिकारी ने बताया कि बच्ची की डेड बॉडी का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पहली नजर में लगता है कि बच्ची की मौत दम घुटने से हुई है। जूनी इंदौर के थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि बच्ची की मौत के मामले की सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। बच्ची की मौत की सटीक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी।

खजुराहो में 46.8 डिग्री पहुंचा तापमान
इन दिनों मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में झुलसा देने वाल गर्मी पड़ रही है। राज्य के कई हिस्सों में लू चलने का ऑरेंज और येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। बीते 24 घंटे में देखे तो मध्य प्रदेश के राजगढ़, विदिशा, खंडवा, रतलाम, खजुराहो, नौगांव, चित्रकूट, अमरकंटक में लू का असर देखा गया। वहीं अनूपपुर, श्योपुर, दतिया और उमरिया जिले में रातें भी गर्म रहीं। मध्य प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस खजुराहो (छतरपुर) में रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी (नर्मदापुरम) दर्ज किया गया।