तरन तारन जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां, दो छात्राएं समलैंगिक विवाह करने के इरादे से घर से भाग गईं। इस घटना के बाद दोनों के परिवार सदमे में हैं। एक छात्रा की मां ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार जिले के सिटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मोहल्ला मुरादपुरा का है। शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी को उसी के साथ पढ़ने वाली एक छात्रा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई है।

14 जनवरी को तय थी शादी
महिला ने बताया कि उसकी बेटी की शादी 14 जनवरी को तरन तारन के ही एक युवक के साथ तय की गई थी। शादी की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदारों में शादी के कार्ड भी बांटे जा रहे थे। लेकिन बेटी के घर से भाग जाने की खबर मिलने के बाद लड़के वालों ने शादी से साफ इनकार कर दिया।

9वीं से 12वीं तक साथ पढ़ीं, फिर बनी गहरी दोस्ती
शिकायत में मां ने बताया कि उसकी बेटी और दूसरी छात्रा ने 9वीं से लेकर 12वीं कक्षा तक साथ पढ़ाई की है। पढ़ाई के दौरान दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे बहुत गहरी हो गई। दोनों अक्सर एक-दूसरे के साथ समय बिताती थीं।

महिला ने बताया कि दूसरी छात्रा बॉय कट हेयर स्टाइल रखती थी और उसकी बेटी अक्सर उसके घर जाया करती थी। क्योंकि दोनों एक ही मोहल्ले में रहती थीं, इसलिए शुरू में परिवार को किसी तरह का कोई शक नहीं हुआ।

शादी से नाराज थी दूसरी छात्रा
मां का आरोप है कि जब उसकी बेटी की शादी तय हुई तो मोहल्ले की वह छात्रा इस बात से नाराज रहने लगी। उसने कई बार महिला के बेटे को धमकी दी कि अगर लड़की की शादी किसी और से कराई गई, तो इसके गंभीर नतीजे भुगतने होंगे।

धमकियों के बाद बेटी को भगा ले जाने का आरोप
शिकायतकर्ता महिला का कहना है कि इन धमकियों के बाद ही वह छात्रा उसकी बेटी को अपने साथ भगा कर ले गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार ने रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहां दोनों की काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले को लेकर तरन तारन सिटी थाने के एसएचओ अमरीक सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों छात्राओं की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रही है।

पुलिस ने कहा- मिलने के बाद दर्ज किए जाएंगे बयान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। कानून के दायरे में रहते हुए हर पहलू की जांच की जाएगी। दोनों छात्राओं के मिलने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे और आगे की कार्रवाई की जाएगी।