सतना । मेरा क्या होगा? कुछ नहीं होगा। जहां शिकायत करनी है कर ले… ये बोल किसी आम अपराधी के नहीं, बल्कि एक भाजपा पार्षद के पति के हैं। उस पर चाकू की नोक पर महिला से दुष्कर्म करने का आरोप है। सतना जिले के रामपुर बाघेलान में खाकी और कानून को ठेंगा दिखाने वाले रेप के आरोपी अशोक सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह खुलेआम पुलिस को गालियां दे रहा है और अपनी सरकार होने की धौंस जमा रहा है। वीडियो में बैकग्राउंड में पीड़ित महिला के रोने और सिसकने की आवाजें इंसानियत को शर्मसार कर रही हैं।
चाकू की नोक पर आबरू लूटने का आरोप
पीड़िता ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले 6 महीने से नरक भोग रही है। आरोप है कि करही निवासी आरोपी अशोक सिंह 6 महीने पहले उसके घर में घुस आया और चाकू की नोक पर रेप किया। उसने घटना का वीडियो भी बना लिया। वह वीडियो वायरल करने और परिवार को मारने की धमकी देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। 20 दिसंबर को वह दोबारा धमकाने पहुंचा, तब पीड़िता ने हिम्मत दिखाई और पुलिस में शिकायत की। लेकिन, 5 दिन तक पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही, जिससे आरोपी का हौसला बढ़ गया।
पत्नी पार्षद, खुद ‘हिस्ट्रीशीटर’
आरोपी अशोक सिंह की पत्नी नगर पंचायत में भाजपा पार्षद हैं। इसी रसूख की आड़ में वह अपराध करता है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अशोक सिंह आदतन अपराधी है और पूर्व में उसे ‘जिला बदर’ भी किया जा चुका है।
कांग्रेस ने कहा- एमपी में कुलदीप सेंगर जैसा हाल
इस वीडियो के वायरल होते ही मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सीधे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को कटघरे में खड़ा किया है। जीतू पटवारी ने एक्स पर लिखा मुख्यमंत्री जी, आप सरकार चला रहे हैं या सर्कस? यह कैसा तमाशा है जहां आपकी पार्टी के नेता बेटियों के साथ घिनौना कृत्य करते हैं और पुलिस 6 महीने तक कार्रवाई नहीं करती? पटवारी ने आरोपी की तुलना उन्नाव के कुलदीप सेंगर से करते हुए कहा कि भाजपा में कई बलात्कारी गर्व से पार्टी का चोला ओढ़े बैठे हैं और पार्टी उनके समर्थन में खड़ी रहती है।
वीडियो वायरल होने पर जागी पुलिस
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और विपक्ष के हमले के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एडिशनल एसपी प्रेमलाल कुर्वे ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी मनोज त्रिवेदी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
