मध्य प्रदेश के सागर के सानौधा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर स्थित सांईखेड़ा तिगड्डा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर घायल हुए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान दोनों ने दमतोड़ दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शनिवार को शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, कमलकांत तिवारी उम्र 71 साल निवासी एसपी बंगले के पास कैंट अपने बेटे स्वप्निल तिवारी उम्र 43 साल के साथ बाइक पर सवार होकर शुक्रवार रात परिचित के घर शादी समारोह में शामिल होने खैजरा जा रहे थे। वे हाईवे पर पहुंचे। तभी सांईखेड़ा तिगड्डा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार पिता-पुत्र उछलकर सड़क पर जा गिरे और बाइक की परखच्चे उड़ गए। हादसा देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से घायलों को मकरोनिया स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान पिता कमलकांत तिवारी और बेटे स्वप्निल तिवारी की मौत हो गई। सूचना पर शनिवार को पुलिस पहुंची और शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया। सानौधा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है। ट्रक ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
सांईखेड़ा तिगड्डा पर ओवरब्रिज बनाने की मांग
मृतक के भाई सुनील तिवारी ने बताया कि भतीजे के साथ भाई शादी समारोह में जा रहे थे। तभी सांईखेड़ा के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें दोनों की मौत हो गई। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि सांईखेड़ा तिगड्डा पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को तिगड्डा पर ओवरब्रिज का निर्माण कराना चाहिए। ताकि किसी और के घर मातम न हो। लोगों की जान बच सके।
