हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने ही दो बेटों की हत्या कर दी। महिला ने नारियल काटने वाले चाकू से हमला करके अपने दोनों बेटों की हत्या की। इसके बाद महिला खुद भी अपार्टमेंट से कूद गई। कूदने की वजह से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। यहां देखा तो एक बेटे की मौत हो गई थी, जबकि दूसरा घायल था। हालांकि अस्पताल में दूसरे बेटे की भी जान चली गई। महिला ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है।
दरअसल, हैदराबाद में हत्या की फिर आत्महत्या का मामला सामने आने के बाद से सनसनी फैल गई है। जानकारी के मुताबिक एक महिला ने नारियल काटने वाले चाकू से अपने दो बेटों पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने खुद भी अपार्टमेंट से कूदकर आत्महत्या कर ली। पूरा मामला गुरुवार की शाम का बतकाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक अपार्टमेंट से कूदने के बाद महिला की तुरंत मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों को मामले की जानकारी मिली तो उन्होंने पुलिस को भी घटना के बारे में सूचित किया। इसके बाद सूचना पाकर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बताया कि महिला का बड़ा बेटा (11) मृत पाया गया। वहीं छोटा बेटा (09) घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। आनन-फानन में छोटे बेटे को अस्पताल लेकर जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने बताया कि महिला ने सुसाइड करने से पहले सात पन्ने का सुसाइड नोट भी लिखा था। सुसाइड नोट के मुताबिक महिला भावनात्मक रूप से काफी परेशान थी। अपने सुसाइड नोट में उसने पति से नाराज होने का भी जिक्र किया था। इसके अलावा महिला और दोनों बच्चों को स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं भी थीं।