आमतौर पर यह माना जाता है कि साड़ी पहनकर बाइक चलाना मुश्किल होता है और अगर बाइक स्पोर्ट्स हो तो यह काम और भी खतरनाक माना जाता है। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया है। इस वीडियो में एक महिला साड़ी पहनकर तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक चलाती नजर आ रही है और इतना ही नहीं, वह खतरनाक स्टंट भी करती दिखाई देती है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला ने साड़ी पहन रखी है और चेहरे पर काले रंग का मास्क लगाया हुआ है। शुरुआत में वह एक हाथ छोड़कर बाइक चलाती है। इसके बाद वह दोनों हाथ छोड़कर बाइक चलाने लगती है। सबसे चौंकाने वाला पल तब आता है जब वह तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए पीछे मुड़कर देखने लगती है। इस दौरान बाइक की स्पीड काफी ज्यादा होती है और जरा सी चूक बड़ा हादसा बन सकती थी।

हालांकि, महिला की बॉडी लैंग्वेज साफ बताती है कि वह डर के नहीं बल्कि पूरे आत्मविश्वास के साथ बाइक चला रही थी। उसके संतुलन और नियंत्रण से साफ झलकता है कि वह राइडिंग में अच्छी पकड़ रखती है। आमतौर पर बाइक स्टंट को युवाओं या प्रोफेशनल राइडर्स से जोड़ा जाता है, लेकिन इस महिला ने अपने हुनर से यह साबित कर दिया कि आत्मविश्वास और काबिलियत किसी उम्र या पहनावे की मोहताज नहीं होती।

यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @aalianadim नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो के साथ लिखा गया है कि साड़ी में बाइक नहीं चलती। यह सुनकर मुस्कुरा लिया, क्योंकि हौसले को किसी ड्रेस कोड की जरूरत नहीं होती। महज 15 सेकंड के इस वीडियो को अब तक 73 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है और सैकड़ों लोग इसे लाइक कर चुके हैं। वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी लगातार आ रही हैं। एक यूजर ने लिखा- हौसला कभी रुकता नहीं, चाहे साड़ी हो या जीन्स, एक अन्य यूजर ने लिखा- कपड़े नहीं हौसले रास्ते तय करते हैं साड़ी हो या बाइक हिम्मत ही असली इंजन होती है।