भिण्ड। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चरी कनावर गाँव में होली के रंग में भंग हो गया। होली खेलने के लिए युवाओं की टोली गांव में डीजे बजाकर डांस कर रही थी, लेकिन कुछ लोगों को आपत्ति हुई। इसमें दनादन फायरिंग हुई और एक व्यक्ति की मौत हो गई।
एक अन्य युवक घायल हो गया। भिण्ड के चरी कनावर गांव में होली के अवसर पर रंग डालने और डीजे बजाने पर सरपंच और पूर्व सरपंच के परिवारों के बीच पहले जमकर विवाद हुआ।
विवाद इतना बढ़ गया कि खूनी संघर्ष हो गया। महिला सरपंच के परिवारजन और उनके साथी हथियारबंद होकर आए और दनादन कई राउंड फायरिंग की। फायरिंग की चपेट में आए पूर्व सरंपच के बेटे की गोली लगने से मौत हो गई और दूसरा युवक घायल हो गया।
पूर्व सरपंच लोकेंद्र सिंह भदोरिया के परिवार ने गांव में डीजे लगाया था। डीजे की तेज आवाज होने को लेकर महिला सरपंच पति रंजीत सिंह भदोरिया ने आपत्ति की और उसकी आवाज कम करने को बोला, लेकिन दूसरे पक्ष ने जब बात अनसुनी की तो महिला सरपंच पति ने अपने आधा दर्जन साथियों के साथ मिलकर कई राउंड फायर किए।
इस घटना में पूर्व सरपंच के बेटे केशव भदौरिया की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं दूसरा घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है पुलिस ने मृतक के शव को पीएम के लिए भेज दिया है वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति होने पर पुलिसबल लगाया गया है।