उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां, आरोप है कि एक सीलबंद पानी
की बोतल में पानी की जगह तेजाब जैसा खतरनाक तरल पदार्थ भरा हुआ था। इस बोतल से दो घूंट पीते ही एक युवती की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे तेज उल्टियां होने लगीं और उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन तुरंत उसे मेरठ के एक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
जेवर खरीदने गई थी युवती
जानकारी के अनुसार, हापुड़ के अर्जुन नगर की रहने वाली रिया अपनी मां अंजना राघव के साथ एक सर्राफा दुकान पर जेवर खरीदने गई थी। खरीदारी के दौरान रिया को प्यास लगी, तो उसने पानी मांगा। दुकानदार ने पास के एक जनरल स्टोर से एक ठंडी और सीलबंद पानी की बोतल मंगवाई। बोतल पूरी तरह सीलबंद थी, इसलिए किसी को भी उस पर शक नहीं हुआ।
दो घूंट पीते ही बिगड़ गई तबीयत
रिया ने जैसे ही बोतल खोली और उसमें से दो घूंट पानी पिया, कुछ ही सेकेंड के भीतर उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उसे घबराहट महसूस हुई और लगातार उल्टियां होने लगीं। दुकान पर मौजूद लोग भी घबरा गए। परिवार के लोग बिना गंवाए रिया को पहले स्थानीय स्तर पर मदद दिलाने की कोशिश करने लगे और फिर उसे तुरंत मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में दिखाई देता है कि रिया बोतल खोलकर पानी पीती है। कुछ ही सेकेंड बाद वह अचानक बेचैन हो जाती है और तेजी से वहां से हटने लगती है। रिया की हालत बिगड़ते ही वहां मौजूद लोगों को बोतल में मौजूद तरल पदार्थ पर शक हुआ। इसके बाद लोगों ने बोतल की जांच करने की कोशिश की।
बोतल में पानी की जगह तेजाब जैसा तरल होने का आरोप
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि जब बोतल में बचा हुआ तरल पदार्थ जमीन पर डाला गया, तो उसमें से तेजाब जैसी तेज गंध आने लगी। साथ ही उस तरल में झाग भी बनने लगा। लोगों का दावा है कि जहां वह तरल फर्श पर गिरा, वहां भी तेजाब जैसा असर दिखाई दिया। इसके बाद लोगों को शक हुआ कि बोतल में पानी नहीं, बल्कि कोई खतरनाक रासायनिक पदार्थ हो सकता है। हालांकि, अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि बोतल में वास्तव में कौन-सा पदार्थ था। इसकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ होगी।
जनरल स्टोर संचालिका ने क्या कहा
जनरल स्टोर की संचालिका ने बताया कि उनकी दुकान पर एक बच्चा पानी की बोतल लेने आया था। उन्होंने अपने डीप फ्रीजर से एक सीलबंद पानी की बोतल निकालकर उसे दे दी। बाद में कुछ लोग उनकी दुकान पर आए और बताया कि उस बोतल में पानी की जगह तेजाब जैसा तरल पदार्थ था। उन्होंने कहा कि उनकी दुकान पर तेजाब की बिक्री नहीं होती और बोतल बाहर से बिल्कुल सामान्य और सीलबंद दिखाई दे रही थी। इसलिए किसी को भी उस पर शक नहीं हुआ।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बोतल कहां से आई और उसमें संदिग्ध तरल पदार्थ कैसे पहुंचा। इसके अलावा सर्राफा दुकानदार, जनरल स्टोर संचालिका और पानी की बोतल लाने वाले किशोर से भी पूछताछ की जा रही है।
जांच के लिए भेजा जाएगा बोतल का तरल
पुलिस बोतल में बचे हुए संदिग्ध तरल पदार्थ का नमूना जांच के लिए भेजने की तैयारी कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बोतल में वास्तव में पानी था या कोई खतरनाक रासायनिक पदार्थ। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
