ग्वालियर। मध्‍य प्रदेश के ग्वालियर में क्रूरता की इंतहां पार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्‍नी को जबरन तेजाब पिला दिया। इससे उसके शरीर पर भयानक जख्‍म हो गए। ग्वालियर पुलिस ने घटना के 5 दिन बाद पति और दो अन्य लोगों के खिलाफ दहेज एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया। मगर, इस मामले में बड़ी धाराओं में कार्रवाई नहीं की गई, ना ही आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। महिला का दिल्‍ली में इलाज चल रहा है। दिल्‍ली महिला आयोग की अध्‍यक्ष स्‍वाति मालीवाल ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।

उन्‍होंने ट्वीट कर कहा कि ग्वालियर की लड़की को उसके पति ने एसिड पिलाया, जिससे उसके अंग जल गए। मध्‍य प्रदेश में एफआईआर दर्ज हुई है, लेकिन अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। लड़की का इलाज दिल्‍ली में करवाया जा रहा है। उसके बयान भी एसडीएम के सामने दर्ज करवाए गए हैं। लड़की की ब्‍लर की हुई तस्‍वीर शेयर करते हुए उन्‍होंने सीएम शिवराज सिंह चौहान को भी टैग किया है।

घटना डबरा क्षेत्र के रामगढ़ मोहल्ले की है। यहां बीती 28 जून को एक महिला को उसके पति वीरेंद्र ने जान से मारने की नीयत से एसिड पिला दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। उसे तत्काल ग्वालियर रिफर कर दिया गया। इसके बाद दिल्ली भेजा गया। घटना के 5 दिन बाद पुलिस ने महिला की मां की शिकायत पर पति और दो अन्य लोगों के खिलाफ दहेज एक्ट में केस दर्ज किया।

इधर, स्वाती मालीवाल के ट्वीट के बाद मामला गरमा गया। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। इस संबंध में सिटी थाना प्रभारी विनायक शुक्ला ने कहा कि पहले महिला की मां की शिकायत पर दहेज एक्ट में केस दर्ज किया। बाद में उसका मजिस्ट्रियल बयान दिल्ली में पुलिस अधिकारियों को भेजकर करवाया। जिसमें उसने अपने पति और भाभी पर जबरदस्ती एसिड पिलाने का आरोप लगाया। अब मामले में धाराएं बढ़ाई जाएंगी। जल्द आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *