भोपाल । राज्य में जल्द ही प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिल सकता है। सूत्रों के अनुसार, सरकार कलेक्टर और एसपी से लेकर संभाग स्तर तक व्यापक तबादले की तैयारी कर रही है। कई दिनों से इस बदलाव की रूपरेखा तैयार की जा रही है। छोटे जिलों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को बड़े और अहम जिलों की कमान सौंपी जा सकती है।

इंदौर कलेक्टर पर जोर-आजमाइश
सूत्रों के मुताबिक, इंदौर कलेक्टर की नियुक्ति को लेकर सरकार के भीतर जोर-आजमाइश जारी है। यह तय नहीं हो पा रहा है कि यहां की जिम्मेदारी डायरेक्ट आईएएस को दी जाएगी या फिर प्रमोटी आईएएस को मौका मिलेगा। मुख्य सचिव अनुराग जैन के कार्यकाल बढ़ने की स्थिति साफ होने के बाद ही तबादलों पर अंतिम फैसला होगा।

दौड़ में ये नाम शामिल
इंदौर मेट्रो में पदस्थ चैतन्य कृष्ण और केवीएस चौधरी का नाम संभावित दावेदारों में शामिल बताया जा रहा है। इसके अलावा धार कलेक्टर प्रियांक मिश्र और अभिजीत अग्रवाल भी चर्चा में हैं। वहीं, जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना को राज्य स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।