नई दिल्ली । बॉलीवुड अभिनेत्री सुष्मिता सेन ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए फैंस को जानकारी दी कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। अभिनेत्री की सेहत से जुड़ी इस चौंका देने वाली खबर ने फैंस की चिंता बढ़ा दी थी। अब फैंस लगातार उनसे जुड़ी हेल्थ अपडेट का इंतजार कर रहे हैं। अब अभिनेत्री ने खुद इंस्टाग्राम पर लाइव आकर फैंस के साथ बातचीत की और अपनी तबीयत की जानकारी देते हुए कई बातों का खुलासा किया।
सुष्मिता ने फैंस के साथ बातचीत करते हुए कहा कि अब वह ठीक हैं। उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए डॉक्टरों को धन्यवाद दिया। उन्होंने खुलासा किया कि वह एक बहुत बड़े दिल के दौरे से बच गईं। अभिनेत्री ने बताया कि उनकी धमनी में 95 प्रतिशत ब्लॉकेज था। वह लगातार अपनी फिटनेस पर ध्यान देती थीं, इसलिए वह इससे लड़ पाईं। उन्होंने अपने फैंस से भी अपनी बॉडी को फिट रखने की सलाह दी।
सुष्मिता ने कहा कि यह एक मुश्किल समय था, जो पार हो गया। हालांकि, इस चीज से उन्हें डर नहीं लगता। फैंस को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि बहुत सारे युवा दिल के दौरे से बचे नहीं हैं, इसलिए खुद की जांच करते रहना बहुत जरूरी है। महिलाओं को यह समझने की जरूरत है कि हार्ट अटैक गंभीर समस्या है। साथ ही इससे डरने की कोई बात नहीं है, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है। जब आपको जीवन का एक नया सबक मिलता है तो आप इसका सम्मान करते हैं और सावधान रहते हैं, तभी आप व्यायाम करना सीखते हैं। अपनी इच्छा को और भी मजबूत करते हैं।
इसके साथ ही सुष्मिता ने अपने दोस्तों और फैंस को भी शुभकामनाएं और फूल भेजने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि वह इस प्यार से अभिभूत हैं। फैंस और दोस्तों के भेजे गए फूल से अब उनका घर ईडन के बगीचे जैसा दिखता है। इसके साथ ही अभिनेत्री ने जल्द काम पर वापस आने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि अब वह सेट पर वापस आने और दर्शकों को ‘आर्या’ का तीसरा सीजन देने का इंतजार नहीं कर सकती हैं। एक बार जब उन्हें अपने डॉक्टरों से मंजूरी मिल जाएगी तो वह ‘आर्या’ को पूरा करने के लिए जयपुर रवाना हो जाएंगी।