कोलकाता के बाद अब कर्नाटक में शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। राजधानी बेंगलुरु में 2 टीचर्स की शर्मनाक हरकत सामने आई है। निजी कॉलेज की छात्रा के साथ फिजिक्स और बायोलॉजी के लेक्चरर्स ने रेप किया। आरोपी छात्रा को फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बार-बार हवस का शिकार बनाते रहे। मामले में आरोपियों का एक दोस्त भी शामिल है। पुलिस ने तीनों को अरेस्ट कर लिया है।

आरोपियों की पहचान फिजिक्स लेक्चरर नरेंद्र, बायोलॉजी लेक्चरर संदीप और उनके दोस्त अनूप के तौर पर हुई है। पीड़िता इसी कॉलेज की छात्रा बताई जा रही है, जिसने नोट्स के लिए नरेंद्र से संपर्क किया था। इसके बाद दोनों की दोस्ती हो गई। एक दिन छात्रा को नरेंद्र ने अनूप के कमरे पर बुलाया और उसके साथ रेप किया। इस दौरान पीड़िता को धमकी दी कि किसी को बताया तो उसका अंजाम ठीक नहीं होगा।

बाद में संदीप ने परेशान करना शुरू किया

इसके बाद छात्रा को संदीप ने परेशान करना शुरू कर दिया। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी ने धमकी दी कि उसके पास नरेंद्र के साथ उसकी कुछ तस्वीरें और वीडियो है। अगर उसने बात नहीं मानी तो इनको वायरल कर देगा। छात्रा डर गई और संदीप ने उसे अकेले में बुलाकर रेप की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद अनूप ने छात्रा को परेशान करना शुरू कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज को लेकर दी धमकी

अनूप ने छात्रा को धमकी दी कि उसकी और नरेंद्र की कमरे में घुसने की सीसीटीवी फुटेज उसके पास है। अगर बात नहीं मानी तो इनको सार्वजनिक कर देगा। इसके बाद आरोपी ने डरा-धमकाकर उसके साथ रेप किया। आरोपियों की हिम्मत जब बढ़ गई तो छात्रा ने इसकी पूरी जानकारी अपने माता-पिता को दी।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक कर्नाटक राज्य महिला आयोग से भी पीड़ित परिवार ने संपर्क साधा है। मामले को लेकर माराठाहल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है, उनसे पूछताछ की जा रही है।