गुजरात। अहमदाबाद के एक प्राइवेट स्कूल से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां 10वीं कक्षा की एक छात्रा ने स्कूल की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। यह घटना स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। यह घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। वीडियो में देखा गया कि छात्रा क्लास से बाहर निकली। उसके हाथ में एक रिंग (छल्ला) था जिसे वो घुमाते हुए चल रही थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि वह ऐसा खौफनाक कदम उठाने जा रही है। अचानक उसने स्कूल की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी।
निजी अस्पताल में तुरंत कराया गया भर्ती, लेकिन नहीं बची जान
स्कूल स्टाफ और छात्रों ने तुरंत मदद की और उसे एक नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। डॉक्टरों ने बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गुरुवार देर रात उसकी मौत हो गई।
कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, मोबाइल की जांच जारी
फिलहाल छात्रा का मोबाइल जब्त कर लिया गया है और उसकी कॉल डिटेल्स व चैट्स की जांच की जा रही है। नवरंगपुरा पुलिस स्कूल के टीचर्स, दोस्तों और क्लासमेट्स से लगातार पूछताछ कर रही है।
एक महीने की छुट्टी से लौटी थी वापस
स्कूल से जानकारी मिली है कि छात्रा हाल ही में एक महीने की मेडिकल छुट्टी पर थी और 15 दिन पहले ही स्कूल लौटी थी। उसके परिवार ने स्कूल को डॉक्टर का प्रमाणपत्र भी दिया था।
सुबह से ही थी तनाव में… किसी को नहीं बताया
स्कूल की प्रिंसिपल लीना अरोड़ा के मुताबिक, छात्रा को सुबह उसके पिता ही स्कूल छोड़कर गए थे। क्लास में कुछ देर बाद वह चिल्लाने लगी थी। टीचर ने उसे शांत कराया लेकिन वह अंदर से काफी परेशान लग रही थी। सहेलियों ने भी बताया कि वह सुबह से चुप और तनाव में थी, लेकिन उसने कुछ बताया नहीं।
लंच ब्रेक में हुआ हादसा
घटना दोपहर 12:30 बजे लंच ब्रेक के दौरान हुई। छात्रा अकेले ही ऊपर गई और कूद गई। जब तक लोग पहुंचते, तब तक काफी देर हो चुकी थी। उसकी हालत बहुत गंभीर हो गई थी।
परिवार आर्थिक रूप से सक्षम, घर में नहीं था कोई विवाद
पुलिस के मुताबिक, छात्रा का परिवार नारणपुरा में रहता है। उसके पिता की दुकान है और घर में कोई पारिवारिक तनाव भी नहीं था। सब कुछ सामान्य लग रहा था।
पिता बोले – कुछ भी अजीब नहीं लगा था
लड़की के पिता ने कहा, “हमारी बेटी हर दिन की तरह स्कूल गई थी। कोई अलग बात महसूस नहीं हुई। दोपहर 12:45 पर स्कूल से कॉल आया तो हम तुरंत अस्पताल भागे। वहां बताया गया कि हालत बहुत खराब है। सिर पर गहरी चोट थी और वह बेहोश थी।”
शिक्षा विभाग ने मांगी रिपोर्ट, जांच जारी
इस घटना के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने स्कूल से पूरी रिपोर्ट मांगी है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है -कहीं सोशल मीडिया, फिल्मों या किसी दबाव की वजह से तो छात्रा ने आत्महत्या नहीं की?
‘सैयारा’ फिल्म का असर?
बताया जा रहा है कि इस घटना के पीछे हाल ही में रिलीज़ हुई अहान पांडे की फिल्म ‘सैयारा’ का असर हो सकता है। सोशल मीडिया पर कई लोग इसे फिल्म से जोड़कर देख रहे हैं क्योंकि फिल्म में भी आत्महत्या जैसे सीन हैं, जिससे किशोर दर्शकों पर बुरा असर पड़ सकता है।
