जबलपुर. सिहोरा क्षेत्र में मिले युवक के नरकंकाल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। शादी के चार दिन बाद गायब हुए सोनू पटेल की हत्या उसकी पूर्व गर्लफ्रेंड ने की थी। पुलिस ने खुलासा किया कि उसकी प्रेमिका उसकी शादी से नाराज थी। इसी वजह से बदला लेने के लिए उसने सोनू की शादी के चार दिन बाद उसकी हत्या कर दी।

शादी के बाद प्रेमिका ने मिलने बुलाया?

पुलिस सूत्रों से पता चला है कि सोनू की प्रेमिका ने अपनी बहन के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी। माना जा रहा है कि उसने सोनू को समझौते के लिए घर से दूर बुलाया था और इसके बाद उसका रस्सी से गला घोंट दिया। इस मामले को लेकर पुलिस जल्द ही प्रेस वार्ता आयोजित कर सकती है। बता दें कि शादी के चार दिन बाद सोनू का कंकाल 24 मई को घर से 15 किमी दूर हरगढ़ के जंगल में मिला था।

शादी के बाद गायब हो गया था सोनू

सिहोरा पुलिस के मुताबिक सिहोरा के गुरजी निवासी सोनू पटेल (25) पिता तुलसी राम पटेल की शादी के चौथे दिन 16 मई की सुबह किसी काम से सिहोरा के लिए निकला था। उसकी पत्नी ने बताया कि वह उसका खराब मोबाइल बनवाने गया था लेकिन शाम तक नहीं लौटा। जब घरवालों ने उसका फोन लगाया तो बंद मिला। काफी तलाश के बाद जब सोनू नहीं मिला तो 16 मई की रात उसके बड़े भाई नारायण पटेल ने सिहोरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

गायब होने के 9 दिन बाद मिला था नरकंकाल
सोनू के गायब होने के ठीक 9 दिन बाद 24 मई को उसका कंकाल हरगढ़ के जंगल में मिला। घर से 15 किमी दूर हरगढ़ के जंगल में उसकी बाइक भी पुलिस ने जब्त की। शव के पास ही उसके चप्पल और फटे कपड़े, बियर की केन और रस्सी मिली थी।  युवक की मौत के कारणों की जांच के लिए उसके नरकंकाल को मेडिकोलीगल इंस्टीट्यूट भोपाल भेजा गया था।

ऐसे पता चला नरकंकाल का
पुलिस के मुताबिक सोमवार को गेहूं कृषि केंद्र के सामने हरगढ़ के जंगल में कुछ लोगों ने एक युवक का नरकंकाल देखा था। घबराए हुए लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी, शव सड़ने के बाद कंकाल में तब्दील हो चुका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *