लोकायुक्त पुलिस इंदौर की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय महाविद्यालय मंडलेश्वर, जिला खरगोन के सहायक प्राध्यापक आत्माराम सोलंकी को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक महिला सहायक प्राध्यापक की पोस्टिंग करवाने के नाम पर 4 लाख रुपए रिश्वत मांगने का आरोप है। लोकायुक्त इंदौर के अनुसार, मानपुर निवासी मनोज वास्केल ने पुलिस अधीक्षक विशेष पुलिस स्थापना (लोकायुक्त) इंदौर के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी पत्नी उर्मिला वास्केल का चयन पीएससी के माध्यम से सहायक प्राध्यापक पद पर हुआ था। उनकी पोस्टिंग पहले दलौदा (मंदसौर) में हुई थी, जिसे धार कॉलेज में करवाने का दावा करते हुए आरोपी सहायक प्राध्यापक आत्माराम सोलंकी लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था।शिकायत के मुताबिक आरोपी ने पोस्टिंग घर के नजदीक करवाने के नाम पर 4 लाख रुपए मांगे, जिसमें से वह पहले ही 1 लाख रुपए ले चुका था और शेष राशि की मांग कर रहा था।

लोकायुक्त टीम द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद 27 मई को आरोपी और आवेदक के बीच बातचीत के अनुसार 50 हजार रुपए की किश्त देने का समय तय हुआ। आरोपी ने आवेदक को धामनोद बायपास स्थित मधुबन ढाबे पर बुलाया। यहां पहले से तैनात लोकायुक्त की ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आत्माराम सोलंकी को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।