भोपाल। प्रदेश की एक लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव की तैयारी में भाजपा और कांग्रेस जुट गई हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को बुरहानपुर का दौरा किया तो लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव दो दिन निवाड़ी में रहेंगे। जिले की पृथ्वीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के दौरे भी चुनाव क्षेत्रों में जल्द शुरू होने वाले हैं। इसकी रूपरेखा सोमवार से होने वाली उनकी बैठक में तैयार की जाएगी। पार्टी उपचुनाव से संबंधित क्षेत्रों के पदाधिकारियों को सक्रिय रहने के संदेश दे चुकी है। खंडवा लोकसभा क्षेत्र में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव और पूर्व मंत्री सचिन यादव सक्रिय हैं।

प्रदेश में नंदकुमार सिंह चौहान के निधन की वजह से खंडवा लोकसभा और विधायकों के निधन से पृथ्वीपुर, जोबट और रैगांव (अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित) सीट रिक्त हैं। कोरोना संकट को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने खंडवा लोकसभा का उपचुनाव टाल दिया था। स्थितियां नियंत्रण में आने के बाद अब फिर से उपचुनाव की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने चुनाव क्षेत्र से संबंधित जिलों के कलेक्टरों को पत्र लिखकर तीन साल से भी अधिक समय से एक स्थान पर पदस्थ अधिकारियों को हटाने के लिए कहा है। मतदाता सूची, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मश्ाीन से लेकर अन्य तैयारियां भी हो चुकी हैं।

उधर, भाजपा और कांग्रेस संगठन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खंडवा लोकसभा अंतर्गत आने वाले बुरहानपुर का दौरा कर चुके हैं। 31 जुलाई को उनका निवाड़ी जाना प्रस्तावित है। वहीं, मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सदस्य गोपाल भार्गव को निवाड़ी का प्रभारी मंत्री बनाया गया है। वे भी दो दिन के दौरे पर वहां पहुंच रहे हैं। इस दौरान वे संगठन पदाधिकारियों के अलावा अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। माना जा रहा है कि भार्गव के दौरे से उपचुनाव की तैयारियों की शुरुआत हो जाएगी।

वहीं, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर ने शनिवार को संगठन के समन्वयकों की बैठक करके उपचुनाव की तैयारी में संगठनों को सक्रिय करने के निर्देश दिए। जिला प्रभारियों से मतदान केंद्रवार जानकारी मांगी गई है और संभावित प्रत्याशियों को लेकर कार्यकर्ताओं से फीडबैक भी लिया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ सोमवार से गुरुवार तक संगठन पदाधिकारियों और वरिष्ठ विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान उपचुनाव को लेकर भी रणनीति बनाई जाएगी। जल्द ही कमल नाथ के प्रदेशव्यापी दौरे भी प्रारंभ होंगे। इसकी शुरुआत चुनाव क्षेत्र वाले जिलों से हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *