जबलपुर . कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने रविवार को प्रदेश में शुरू की गई मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना पर तंज कसा है. उन्होंने कहा है कि भाजपा, जनता को कुछ देती है तो उसके बदले में कई गुना वसूल भी लेती है. आज बहना को एक हजार रुपये प्रति माह दिया जा रहा है, कल पांच हजार वसूल लिए जाएंगेा
दिग्विजय सिंह रविवार को जबलपुर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गैस के दाम चार सौ रुपये से 11 सौ रुपये कर दिए, पेट्राेल के दाम 55 रुपये से 110 रुपये प्रति लीटर कर दिए हैं. इतना ही नहीं आटा, दाल, चावल से लेकर खाने-पीने के सामान के दाम आसमान छू रहे हैं.
दरअसल, आदिवासी सम्मेलन एवं आदर्श सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन रविवार को जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय प्रांगण में हुआ. कार्यक्रम में दिग्विजय सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए. कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि नौ माह बाद प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने जा रही है. सरकार आते ही गरीब महिलाओं को 15 सौ रुपये प्रति माह दिए जाएंगे और केंद्र में सरकार आई तो छह हजार रुपये प्रति माह देंगे.
उन्होंने सीधी में बस दुर्घटनाओं में आदिवासी लोगों की मौत का दोषी प्रदेश सरकार को दोषी ठहराया और कहा कि भाजपा आंदोलन में भीड़ जुटाने के लिए बस भर-भर के लोगों को आयोजन स्थल पर लाती है, लेकिन उनकी सुरक्षा के नाम पर सिर्फ खाना पूर्ति होती है. समारोह में 36 आदिवासी युगल जोड़ा का विवाह हुआ. इन जोड़ों को दिग्विजय सिंह और उनकी धर्मपत्नी अमृता सिंह, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल, आदिवासी कांग्रेस नेता ओमकार सिंह मरकाम, पूर्व मंत्री एवं आदिवासी नेता कौशल्या गोंटिया ने मंच से उतरकर आशीर्वाद दिया.
