जबलपुर । मध्य प्रदेश के जबलपुर में भाजपा नेत्री सना खान हत्याकांड में नागपुर और जबलपुर पुलिस ने SDRF टीम के साथ जबलपुर सिवनी सीमा पर हिरण नदी में तलाशी अभियान चलाया। एसडीआरएफ टीम को सिवनी जिले के धूमा के समीप घाटी में घंटों तलाशी अभियान के दौरान सना खान के कपड़े मिलने के साथ उसके भाई का आधार कार्ड मिलने की खबर है। सनद रहे पुलिस ने इसके पहले हिरन नदी में कई दिनों तक तलाशी अभियान चलाया था लेकिन सना खान की लाश नहीं मिल पाई थी। बाद में पुलिस ने अभियान रोक दिया था।
बताया जाता है कि जबलपुर के गोरा बाजार थाना क्षेत्र में सना खान 1 अगस्त को अपने कथित पति अमित साहू से मिलने पहुंची थी। इसके बाद सना खान लापता हो गई थी। सना खान के भाई ने हत्या की आशंका जताई थी। इसके बाद पुलिस ने पति अमित साहू को गिरफ्तार कर लिया था। अमित ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल किया था कि उसने सना की हत्या कर के लाश हिरण नदी में फेंक दी थी। पुलिस आरोपी अमित को घटनास्थल पर लेकर गई थी। लाश की तलाश में एसडीआरएफ की टीमें लगाई गई थी।
पुलिस को आशंका थी कि लाश बहकर दूर निकल गई होगी क्योंकि जिस दिन लाश फेंकी गई थी उस दिन जबलपुर में जोरदार बारिश हुई थी। पानी में तलाशी के बाद पुलिस ने सर्चिंग अभियान रोक दिया था। नागपुर और जबलपुर पुलिस ने बुधवार को संयुक्त रूप से एक बार फिर सर्चिंग अभियान चलाया। इसमें एसडीआरएफ टीम को कुछ कपड़े मिले। साथ ही सना खान के भाई का आधार कार्ड भी मिला है। हालांकि एसडीआरएफ टीम ने सना खान की लाश मिलने की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस सूत्रों की मानें तो अमित बार-बार अपना बयान बदल रहा है। सना खान के भाई मोहसिन ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि अमित पहले भी दो हत्याएं कर चुका है। ढाबे की आड़ में वह अवैध शराब का व्यापार करता है। तलाशी अभियान में शामिल एसडीआरएफ टीम के कमांडर संतोष कुमार ने बताया कि थाना बेलखेड़ा के अंतर्गत पहले पुलिस सर्चिंग के लिए गई थी। धूमा से पहले घाटी में तलाशी के दौरान कुछ कपड़े और एक आधार मिला है जो सना के भाई का बताया जा रहा है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है परिवार के लोगो को भी बुलाया गया है।
