नई दिल्ली । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा ऐलान किया है कि अब डीटीसी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा के लिए ‘पिंक टिकट’ नहीं, बल्कि ‘पिंक पास’ दिया जाएगा। लेकिन यह सुविधा सिर्फ दिल्ली में रहने वाली महिलाओं को ही मिलेगी। बाहरी राज्यों की महिलाएं इस योजना का लाभ नहीं उठा पाएंगी।

रेखा गुप्ता ने यह घोषणा नंदनगरी डिपो में एक कार्यक्रम के दौरान की, जहां उन्होंने ऑटोमैटिक टेस्टिंग स्टेशन का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि डीटीसी को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जाए। फिलहाल डीटीसी पर 65,000 करोड़ रुपये का घाटा है, जिसे धीरे-धीरे खत्म किया जाएगा।

कैसे मिलेगा पिंक पास?

दिल्ली सरकार जल्द ही महिलाओं को एक डिजिटल ‘सहेली स्मार्ट कार्ड’ देगी, जो नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) सिस्टम के तहत जारी होगा। इस कार्ड का इस्तेमाल डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा के लिए किया जाएगा।

पिंक पास/सहेली स्मार्ट कार्ड के लिए जरूरी दस्तावेज:

आधार कार्ड (अनिवार्य)
पैन कार्ड
दिल्ली निवास प्रमाण पत्र (बिजली बिल, राशन कार्ड आदि)
पासपोर्ट साइज फोटो
बैंक द्वारा मांगे गए KYC दस्तावेज
कार्ड में महिला का नाम और फोटो दर्ज होगा और यह पूरी तरह डिजिटल होगा।

नई बस रूट की योजना

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में बस रूट का नया प्लान बनाने के लिए IIT की मदद ली जा रही है, ताकि महिलाओं और आम नागरिकों के लिए सफर और भी सुगम और सुरक्षित हो सके।

राजनीतिक बयानबाज़ी भी तेज

इस योजना पर राजनीति भी शुरू हो गई है।आम आदमी पार्टी का आरोप है कि रेखा गुप्ता सरकार जनहित की पुरानी योजनाओं को खत्म कर रही है। वहीं भाजपा का कहना है कि आप सरकार के समय में भ्रष्टाचार के कारण डीटीसी को भारी नुकसान हुआ, जिसे अब ठीक किया जा रहा है।