मंडला । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 22 नवम्बर को मंडला जिले के रामनगर में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस मौके पर जनजातीय समाज के योद्धाओं को स्मरण करने के साथ जनजातीय परिवारों से वे सीधा संवाद भी करेंगे।

इसको लेकर मुख्यमंत्री चौहान ने जबलपुर आईजी, कमिश्नर, कलेक्टर और एसपी से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बातचीत की। मुख्यमंत्री के रामनगर प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ओपी धुर्वे और जनजातीय विभाग की मंत्री भी मौजूद रहेंगी। इस कार्यक्रम में मंडला, डिंडोरी, सिवनी और आस-पास के अन्य जिलों के जनजातीय नागरिकों को भी शामिल किया जाएगा। भारत सरकार ने 15 से 22 नवम्बर तक जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम मनाने का ऐलान किया है।

इसके चलते 15 नवम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में भोपाल के जम्बूरी मैदान में जनजातीय गौरव दिवस मनाने के बाद अब सीएम चौहन 22 नवम्बर को जनजातीय बाहुल्य मंडला जिले में आदिवासियों से संवाद के लिए पहुंचेंगे। उधर रामनगर में सीएम की सभा के मद्देनजर मंडला कलेक्टर हर्षिका सिंह ने तैयारियों को लेकर बैठकें ली हैं।
बैठक में उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी प्रस्तावित दौरे के संबंध में पूरी गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मंच व्यवस्था, पार्किंग, हेलीपेड, बैठक व्यवस्था आदि के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *