मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ शनिवार को मंदसौर में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सीएम यादव वहां हॉट एयर बैलून एक्टिविटी के लिए पहुंचे थे। उसी दौरान बैलून के नीचे के हिस्से में आग लग गई। हालांकि, समय रहते सुरक्षाकर्मियों ने मुख्यमंत्री को तुरंत बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बाद में आग पर काबू पा लिया गया। यह घटना गांधी सागर अभयारण्य, मंदसौर में हुई। यह जगह पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। शनिवार सुबह सीएम मोहन यादव यहां घूमने और हॉट एयर बैलून देखने आए थे। जब वे बैलून के अंदर थे, तभी बैलून के निचले हिस्से में आग लग गई।
हवा की रफ्तार बनी वजह
बैलून की देखरेख करने वाली टीम के मुताबिक, जब सीएम उसमें सवार हुए, उस वक्त हवा की रफ्तार 20 किमी प्रति घंटा थी। हवा तेज होने की वजह से बैलून उड़ नहीं पाया और इसी दौरान नीचे की ओर आग लग गई।
प्रशासन ने दी सफाई
मंदसौर की कलेक्टर अदिती गर्ग ने बताया कि कुछ मीडिया में इस घटना को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केवल बैलून को देखने गए थे, बैलून उड़ाया नहीं गया था। सुरक्षा के सभी नियमों का पालन किया गया था। उन्होंने जनता से अपील की कि झूठी और भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें।
झाबुआ में किया था बड़ा ऐलानइस घटना से एक दिन पहले, शुक्रवार को मुख्यमंत्री झाबुआ में थे। वहां उन्होंने लाड़ली बहना योजना के तहत मिलने वाली मासिक सहायता राशि को 1250 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये करने का ऐलान किया। यह बढ़ोतरी दिवाली के बाद से लागू होगी। उन्होंने कहा कि 2028 तक यह राशि बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रति माह कर दी जाएगी। इस योजना का लाभ अभी 1.26 करोड़ महिलाओं को मिल रहा है। झाबुआ के पेटलावद में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने 1541 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि महिला लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की।
कांग्रेस पर साधा निशाना
इस दौरान सीएम यादव ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब हम महिलाओं को सम्मान देते हैं और उनके लिए योजनाएं लाते हैं, तो विपक्षी नेताओं को पेट में दर्द होता है। उन्होंने यह भी कहा कि लाड़ली बहना योजना बीजेपी के लिए गेम चेंजर साबित हुई है। यह योजना 10 जून 2023को शुरू हुई थी।
