खंडवा । सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कन्या पूजन के साथ मध्य प्रदेश के पहले जल पर्यटन केंद्र हनुवंतिया में छटवें जल महोत्सव का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा पंधाना के बड़ौदा से टंट्या मामा के कड़े और जन्मस्थली की मिट्टी की यात्रा निकली जाएगी जो पंधाना से शुरू होकर पातालपानी पहुंचेगी। बुरहानपुर के बैंड मास्टर ठाकुरदास से मिली कोरोना के प्रतिबंध हटाने की प्रेरणा। हम कोरोना संक्रमण पर कड़ी नजर रखेंगे। सभी वैक्सीन के दोनों ठीके लगाएं। पर्यटन केंद्रों पर सुरक्षा और सावधानी रखी जाए। इसका अनुभव यहां पहले कर चुका हूं। हनुमंतिया में पर्यटन विकास निगम के वाटर क्लब से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करीब 40 जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ क्रूज में सवार हुए। इसके साथ ही सैलानी दो माह तक इवेंट कंपनी द्वारा सजाई गई टेंट सीटी में ठहरने सहित रोमांचक व साहसिक खेल गतिविधियों और स्पीड बोट की राइड का लुत्फ उठा सकेंगे। जल महोत्सव के लिए हनुवंतिया को दुल्हन की तरह सजाया गया है। इस वर्ष सैलानियों के लिए इटली की रीगल बोट यहां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
कोरोना के प्रतिबंध हटने से निमाड़ के गोवा के नाम से मशहूर हनुवंतिया में छटवें जल महोत्सव की शुरूआत के साथ ही पर्यटन के द्वार खुल गए। 20 नवंबर से 20 जनवरी तक सैलानी यहां मनोरंजन के लिए धरती, आकाश और पानी में संचालित गतिविधियों का लुत्फ उठा सकेंगे। जल महोत्सव के दौरान सैलानी पैरामोटर शॉर्ट फ्लाइट, पैरामोटर लांग फ्लाइट, जिप लाइनर, वाल क्लाइंबिंग, तीरंदाजी, पेंट बाल, लैंड पैरासेलिंग, वाटर पैरासेलिंग, बनाना राइड्स, जेट स्की, हॉट एयर बलून सहित मनोरजंक और साहसिक खेल गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे। इंदिरा सागर के बेक वाटर में उठने वाली लहरों को देखते हुए रीगल बोट यहां लाई गई है। बेक वाटर में उठने वाली ऊंची लहरों में भी आसानी से दौड़ सकेंगी। इसके अलावा जिप लाइनर, वाटर पैरासेलिंग सहित सैलानी जल, एक्टिविटीज होंगी। टेंट सिटी में सैलानियों के मनोरजंन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
बुक हुए टेंट सिटी में रूम
इवेंट कंपनी के मैनेजर सरवन कुमार का कहना है कि टेंट सिटी के 50 से ज्यादा रूम बुक हो चुके हैं। यहां देशभर से सैलानी आनलाइन बुकिंग करवा रहे है। विशेष रूप से गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली के अलावा इंदौर, भोपाल से बुकिंग ज्यादा है। वाटर स्पोर्ट्स में बनाना राइड, बंपर राइड,स्लीपिंग राइड, स्पीड बोट और क्रूज के अलावा इटली की रीगल बोट है। इसमें एक साथ आठ लोग सवारी कर सकते हैं। इस बोट का राजस्थान के उदयपुर में ट्रायल हो चुका है।
