भोपाल , मप्र युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने शिवराज सरकार की नई युवा नीति को लेकर जमकर हमला बोला है. उन्होंने कहा है कि मौजूदा शिवराज सरकार की युवा नीति का हश्र अभी से नजर आने लगा है. शिवराज सरकार युवा नीति नहीं बना रही बल्कि युवाओं की दुर्गति की नीति बनाई जा रही है. प्रदेश में 70 लाख युवा उच्च शिक्षा से वंचित है. भाजपा सरकार में 6999 बेरोजगारों ने आत्महत्या की है.
युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की वर्तमान सरकार आज को प्रदेश की युवा नीति घोषित करने जा रही है. इस अवसर पर बीते 18 साल की भाजपा सरकार की युवाओं को लेकर नीति और नीयत का मूल्यांकन किया जाना बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि मप्र भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही प्रदेश के करोड़ों युवाओं के भविष्य की बोली लगाकर विश्व के सबसे व्यापक और वीभत्स व्यवसायिक परीक्षा मंडल के घोटाले को आकार दिया. इस घोटाले का पहला बड़ा अपराध पीएमटी फर्जीवाड़े से संबंधित था. इसके बाद 13 से अधिक सरकारी नौकरी भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में 75 लाख से अधिक प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया. पुलिस कांस्टेबल, खाद्य निरीक्षण चयन टेस्ट, सूबेदार उपनिरीक्षक व प्लाटून कमांडर, मिल्क फेडरेशन जैसी अनेक भर्ती परीक्षा में घोटाला किया गया. इतना ही नहीं डेंटल और प्राईवेट मेडीकल कॉलेज का भर्ती घोटाला तो व्यापमं से भी बड़ा है. इस घोटाले के संदर्भ में तो स्वयं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने वर्ष 2006 में विधानसभा में जांच कराने की बात स्वीकारी थी. मगर हजारों युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाले इस घोटाले पर अब तक पर्दा ही डाल कर रखा गया.
कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार में डूबी मप्र भाजपा सरकार ने प्रदेश के युवाओं को बेरोजगारी के अंधकार में धकेल दिया है. यह हालात पैदा हो गये हैं कि प्रदेश के बेहद शिक्षित और योग्य युवाओं के पास अपने भविष्य संवारने के कोई अवसर नहीं बचे हैं.
