ग्वालियर। ग्वालियर नगरीय निकाय चुनावों में महापौर पद पर बड़ा उलटफेर हुआ हैं। इस बार 57 साल बाद कांग्रेस महापौर पद पर लगातार जीत की ओर अग्रसर है। उसकी प्रत्याशी डा. शोभा सतीश सिकरवार ने 30वें राउंड के बाद 28 हजार 137 वोटों से आगे है। वहीं भाजपा प्रत्याशी सुमन यशवीर शर्मा पहले चक्र से ही पिछड़ती रही। लेकिन भाजपा के पार्षद प्रत्याशियों ने 35 वार्डों में जीत हासिल की हैं। कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशियों ने 21 वार्डों पर जीत हासिल की। आप ने भी एक सीट जीत कर नगर सरकार में अपनी एन्ट्री दर्ज कराई है। 7 स्थानों पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। दो पर बसपा ने कब्जा जमाया है।
30वें राउंड की समाप्ति पर कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी डा. शोभा सतीश सिकरवार ने 233599 वोट प्राप्त कर भाजपा की महापौर प्रत्याशी सुमन यशवीर शर्मा से 28137 वोटों से आगे है। भाजपा प्रत्याशी सुमन यशवीर शर्मा को 205462 वोट मिले। आप की प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रही हैं। मतगणना स्थल साइंस कालेज में कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता भारी संख्या में एकत्रित हैं। वहां पुलिस प्रशासन को व्यवस्था बनाने में काफी मशक्कत करना पड़ रही है। मतगणना स्थल पर मतगणना कार्य निर्वाचन प्रेक्षक बीएम शर्मा, जिला निर्वाचन अधिकारी एचबी शर्मा सहित अन्य अधिकारियों की देखरेख में संपन्न हुआ। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल, जिला पंचायत सीईओ आशीष तिवारी, एडीएम इच्छित गढपाले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश दंडोतिया, डीएसपी ट्रेफिक नरेश अन्नोटिया भी उपस्थित थे।