मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में आज एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। रेलवे पटरी के पास एक पेड़ से एक युवक और युवती के शव लटके मिले। मृतकों की पहचान जितेंद्र धाकड़ और सोनम आदिवासी के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम संबंध चल रहे थे। बताया जा रहा है कि सोनम नाबालिग होने के कारण जितेंद्र को पूर्व में इस संबंध से जुड़े मामले में जेल भी जाना पड़ा था। वह कुछ समय पहले ही जेल से रिहा होकर लौटा था। मृतिका सोनम वर्तमान में कोलारस के पास गुगवारा में अपने नाना के घर रह रही थी। घटना की सूचना मिलते ही कोलारस पुलिस, फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम और अन्य विशेषज्ञ मौके पर पहुंच गए। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि जेल से रिहाई के बाद दोनों के बीच क्या परिस्थितियां बनीं, जिसके कारण उन्होंने यह कदम उठाया। यह भी जांच का विषय है कि क्या यह मामला आत्महत्या है या किसी अन्य वजह से जुड़ा है।