टीम इंडिया के क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की शादी टाल दी गई है। पहले यह शादी 18 नवंबर 2025 को वाराणसी के होटल ताज में होनी थी, लेकिन अब यह तारीख आगे बढ़ा दी गई है। अब यह शादी अगले साल फरवरी में हो सकती है, हालांकि नई तारीख अभी तय नहीं हुई है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, शादी को टालने की वजह रिंकू सिंह का क्रिकेट कमिटमेंट और व्यस्त कार्यक्रम है। इस समय रिंकू घरेलू क्रिकेट और आगे आने वाले टूर्नामेंट की तैयारियों में जुटे हैं। ऐसे में उन्हें शादी के लिए समय नहीं मिल पा रहा।

लखनऊ में हो चुकी है सगाई
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई इसी महीने लखनऊ के एक होटल में हुई थी। इस मौके पर जया बच्चन, अखिलेश यादव, बीसीसीआई के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला और क्रिकेटर भुवनेश्वर कुमार जैसे कई खास मेहमान शामिल हुए थे।

वेन्यू और तारीख दोनों बदलेंगे
पहले शादी की तारीख 18 नवंबर और वेन्यू वाराणसी का होटल ताज तय किया गया था। तैयारियां भी शुरू हो गई थीं, लेकिन अब दोनों परिवारों ने मिलकर फैसला किया है कि शादी की तारीख और जगह दोनों बदली जाएंगी। अब शादी किसी खूबसूरत जगह पर डेस्टिनेशन वेडिंग के रूप में होगी।

IPL और घरेलू टूर्नामेंट में व्यस्त रहेंगे रिंकू
जानकारी के अनुसार, रिंकू सिंह अक्टूबर में उत्तर प्रदेश की टीम के लिए घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलेंगे। इसके बाद IPL 2026 की तैयारियां शुरू हो जाएंगी। ऐसे में शादी के लिए समय निकालना मुश्किल हो सकता है। इसलिए तय किया गया है कि शादी तभी होगी जब रिंकू को लंबा ब्रेक मिलेगा। अगर समय नहीं मिला तो शादी IPL 2026 के बाद कराई जाएगी।

शादी में शामिल होंगे चुनिंदा खास मेहमान
दोनों परिवार अब शादी को सीमित लेकिन खास मेहमानों के बीच आयोजित करने की योजना बना रहे हैं। इसके लिए एक नई तारीख जल्द तय की जाएगी और तैयारियां उसी हिसाब से फिर से शुरू होंगी।