जबलपुर. एमपी के जबलपुर स्थित पनागर में बागेश्वर पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री महाराज 25 से 31 मार्च तक श्रीमद् भागवत कथा करेगें. इसके पूर्व आज प्रात: 10 बजे पनागर हनुमान मंदिर देवरी तिराहा से भव्य कलश यात्रा निकली. जो रिलायंस पेट्रोल पम्प के सामने कथा स्थल पहुंची. इस दौरान कलशधारी महिलाओं पर पुष्पवर्षा की गई.

बताया गया है कि अपने आप में अद्भुत व अलौकिक कलश यात्रा में करीब 25 हजार महिलाएं सिर पर कलश लेकर निकली. कलश यात्रा मार्ग पर दुकानों से लेकर घरों के सामने तक रंगोली सजाई गई. वहीं सिर पर कलश रखकर चल रही महिलाओं द्वारा मंगल गीत व भक्ति गीत गाए गए. कलश यात्रा में शामिल मातृशक्ति पर हर घर से पुष्प वर्षा की गई, जगह जगह यात्रा का स्वागत किया गया. इस ऐतिहासिक यात्रा में पनागर के हर एक घर से माताएं व बहनें पीताम्बरी वस्त्र धारण किए हुए कलशयात्रा में शामिल हुई. कथा के आयोजन पनागर विधायक इंदू तिवारी ने बताया कि रिलायंस पेट्रोल पम्प के सामने आयोजित भागवत कथा के व्यास बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री का आगमन 25 मार्च शनिवार को होगा. वे 25 से 31 मार्च तक नित्य शाम 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक उनके श्रीमुख से संगीतमय कथा सुनाई जाएगी. इसके अलावा 27 व 28 मार्च को बागेश्वर पीठाधीश्वर द्वारा दिव्य दरबार लगाया जाएगा.