मध्यप्रदेश में लोग नए साल का जश्न खुलकर नहीं मना सकेंगे। सरकार ने तत्काल प्रभाव से नाइट कर्फ्यू लगा दिया है। ऐसे में लोग रात 11 से सुबह 5 बजे तक घर से नहीं निकल सकेंगे। यानी रात 12 बजे नए साल के जश्न की जो तैयारियां की जा रही हैं, उन्हें झटका लगा है। इससे पहले सरकार ने 17 नवंबर को ही नाइट कर्फ्यू सहित कोविड की सभी पाबंदियां हटा दी थीं। 37 दिन बाद अब फिर से केस बढ़ने के कारण नाइट कर्फ्यू लगाना पड़ा है।
देश में कोरोना के मामले फिर बढ़ते देखकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चैहान ने आज रात से राज्य में नाइट कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है। प्रदेश में अब रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक आवाजाही पर रोक रहेगी। मुख्यमंत्री ने लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग फॉलो करने, मास्क पहनने और कोरोना से बचाव के सभी उपायों का पालन करने की अपील की है।
उन्होंने इस बारे में सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा कि कई महीने बाद कोविड के 30 नए केस मिले हैं। देश में भी बुधवार को 7,995 पॉजिटिव मिले थे। महाराष्ट्र, गुजरात और दिल्ली में भी पिछले एक सप्ताह से कोविड मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन तीनों राज्यों से मध्यप्रदेश में बेहद आवागमन होता है। पहले भी हमारा अनुभव है कि पहले महाराष्ट्र में, फिर गुजरात में और उसके बाद मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस की पहली और दूसरी लहर आई। पुरानी दोनों लहर के दौरान राज्य में संक्रमण की शुरुआत इंदौर और भोपाल से ही हुई थी। इंदौर में अब फिर से वीकली केस नवंबर की तुलना में दिसंबर में तीन गुना हो गए हैं, जो चिंता की बात है।
