भोपाल . साल में दो बार दिन और रात की अवधि बराबर होती है. इस घटना को खगोल विज्ञान की भाषा में इक्वीनॉक्स कहा जाता है. आमतौर पर माना जाता है कि 21 मार्च को दिन और रात की अवधि बराबर होती है, लेकिन वास्तव में ऐसा है नहीं. मध्य प्रदेश में आज (बुधवार , 15 मार्च को) दिन रात बराबर होने जा रहे हैं.
भोपाल की नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने इस खगोलीय घटना के बारे में समझाते हुए बताया कि आमतौर पर दिन रात बराबर होने की घटना को 21 मार्च के इक्वीनॉक्स से जोड़ा जाता रहा है. मीडिया , पाठ्यपुस्तकें, सोशल मीडिया पर भी 20 या 21 मार्च को दिन रात बराबर होने से जोड़ा जाता है, लेकिन अब इलेक्ट्रानिक समय मापन के युग में वास्तविक तथ्य को सामने लाना जरूरी है.
सारिका ने बताया कि पृथ्वी के अपने अक्ष पर झुके होते हुए सूर्य की परिक्रमा करने से वो 20 या 21 मार्च को इस स्थिति में आती है कि सूर्य की किरणें भूमध्यरेखा पर लंबवत पड़ती है. किसी भी ध्रुव का झुकाव नहीं रहता है. इस कारण पृथ्वी के सभी भागों पर दिन और रात लगभग समान होते हैं, लेकिन यह पूरी तरह समान नहीं होते हैं. इनमें लगभग 6 मिनिट का अंतर रहता है. पूरी तरह समान आपके नगर की भौगोलिक स्थिति पर निर्भर होता है. इस कारण मध्यप्रदेश के अधिकांश शहरों में 15 मार्च को दिन एवं रात बराबर होंगे. हालाकि इनमें भी कुछ सेकंड का अंतर रहेगा.
सारिका ने बताया कि देश के अलग-अलग भागों में दिन रात बराबर होने की घटना अलग-अलग दिनांक को होती है. जहां दक्षिण भाग कन्याकुमारी में यह 6 मार्च को बराबर हो चुका है तो राजस्थान, बिहार में 16 मार्च को होगा. देश के उत्तरी भाग में यह 17 मार्च को होगा. उन्होंने मध्य प्रदेश के कुछ शहरों में दिन की अवधि की गणना इस प्रकार की है.
नगर सूर्योदय सूर्यास्त दिन की अवधि
जबलपुर 06.16 06.16 11 घंटे 59 मिनिट 30 सेकंड
नरसिंहपुर 06.22 06.22 11घंटे 59 मिनिट 34 सेकंड
छिंदवाड़ा 06.23 06.23 11घंटे 59 मिनिट 51 सेकंड
बैतूल 06.27 06.27 11घंटे 59 मिनिट 54 सेकंड
नर्मदापुरम 06.28 06.28 11घंटे 59 मिनिट 38 सेकंड
रायसेन 06.28 06.27 11घंटे 59 मिनिट 27 सेकंड
सागर 06.24 06.23 11घंटे 59 मिनिट 18 सेकंड
भोपाल (Bhopal) 06.29 06.29 11घंटे 59 मिनिट 29 सेकंड
हरदा 06.30 06.30 11घंटे 59 मिनिट 46 सेकंड
सीहोर 06.31 06.30 11घंटे 59 मिनिट 30 सेकंड
खंडवा 06.33 06.33 11घंटे 59 मिनिट 56 सेकंड
इंदौर (Indore) 06.35 06.35 11घंटे 59 मिनिट 39 सेकंड
उज्जैन 06.36 06.35 11घंटे 59 मिनिट 31 सेकंड
खरगौन 06.37 06.37 12घंटे 00 मिनिट 02 सेकंड
बड़वानी 06.39 06.39 11घंटे 59 मिनिट 52 सेकंड
अलीराजपुर 06.41 06.41 11घंटे 59 मिनिट 47 सेकंड
