दिल्ली। राजधानी के डाबड़ी इलाके में बोरे में मिली लड़की की लाश से फैली सनसनी अब सुलझ गई है। पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि हत्या लड़की के परिचित और उसके दोस्त सलीम ने की थी। आरोपी को उत्तर प्रदेश के हरदोई से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि 21 अगस्त को लड़की सलीम से मिलने गई थी। दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर सलीम ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने शव को बोरे में भरकर बाइक पर ले जाकर नाले में फेंकने की कोशिश की। इसी दौरान शव गिर गया और लोगों की नजर उस पर पड़ गई।

23 अगस्त की दोपहर करीब 3 बजे पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए मामले की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी तक पहुंच गई। लड़की की पहचान उसके हाथ पर बने टैटू से हुई। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया और आखिरकार उसे हरदोई से दबोच लिया। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह भी खंगाल रही है कि घटना में और कोई शामिल था या नहीं।