इंदौर। जिले के ग्रामीण इलाके में एक घर में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद पूरा गांव दहल गया। गांव में रहने वाले जेठ और बहू की लाश मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर जांच करने के लिए पहुंची है। बहू के शरीर में चोट के साफ निशान दिख रहे हैं, जबकि जेठ के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पुलिस के साथ एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची है।
एएसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि बडग़ोंदा थाना क्षेत्र के ग्राम जामली के प्रेम नगर में घटना हुई। 60 साल की सावित्रीबाई पति सुखराम निनामा और उसके जेठ ओंकार का शव मिला है। प्रारंभिक पड़ताल में यह बात सामने आ रही है कि इन दोनों की किसी ने हत्या की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास पूछताछ की तो पता चला कि उक्त परिवार में कल शाम को विवाद हुआ था। इसके बाद रात को हत्या हुई है। सावित्रीबाई और ओंकार का परिवार आसपास ही रहता है। सावित्रीबाई के पति सुखराम की पहले ही मौत हो चुकी है। वह गोद लिए बेटे के साथ रहती है। जिस समय झगड़ा हुआ उस समय बेटा घर पर नहीं था। उधर, उसके जेठ का परिवार भी उसके घर से कुछ ही दूरी पर रहता है। पुलिस पता लगा रही है कि झगड़े की वजह क्या थी और रात में इन दोनों की इस तरह हत्या किसने की। पुलिस के शक के दायरे में दोनों ही मृतकों के परिवार के सदस्य हैं, जिनसे आज दिन में पुलिस पूछताछ करेगी।
एक महिला लापता… उस पर शंका
पोस्टमार्टम के दौरान दोनों मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंचे। उनका आरोप है कि एक महिला, जो दोनों की रिश्तेदार है, वह लापता है। उस पर ही हत्या की शंका है। फिलहाल पुलिस परिजन के बयान भी लेगी। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस का कहना है कि यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद की वजह क्या थी। जहां वारदात हुई वहां बाहर से आए हुए कई लोग रहते हैं। उनसे भी पूछताछ की जाएगी। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम भी साक्ष्य एकत्रित करने में जुटी है।
