छत्तीसगढ़ । छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एक डीएसपी की पत्नी द्वारा नीली बत्ती लगी कार के बोनट पर बैठकर जन्मदिन मनाने का वीडियो वायरल होने पर स्वतः संज्ञान लिया है। कोर्ट ने राज्य के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। कोर्ट ने यह भी पूछा है कि इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई की गई है?

सरकारी वाहन के बोनट पर केक काटने की घटना पर अदालत ने संज्ञान लिया
घटना बलरामपुर जिले की बताई जा रही है, जहां डीएसपी तस्लीम आरिफ की पत्नी ने अपने निजी वाहन का दुरुपयोग करते हुए सार्वजनिक स्थान पर केक काटा। वीडियो में दिख रही कार डीएसपी की बताई जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, हालांकि चालक अज्ञात बताया जा रहा है, जबकि वीडियो में लोग साफ दिखाई दे रहे हैं। कोर्ट ने इसे सरकारी विशेषाधिकारों के दुरुपयोग का मामला मानते हुए अगली सुनवाई एक सप्ताह बाद तय की है और मुख्य सचिव से अब तक की गई कानूनी कार्रवाई की जानकारी मांगी है।

डीएसपी की पत्नी ने सरकारी वाहन के बोनट पर काटा केक
छत्तीसगढ़ में यह तीसरा मामला है, जिसमें सड़क नियमों का उल्लंघन कर केक काटकर जन्मदिन मनाने का हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें 12वीं बटालियन रामानुजगंज जिला बलरामपुर में पदस्थ डीएसपी तस्लीम आरिफ की पत्नी सरकारी वाहन के बोनट पर जन्मदिन का केक काट रही थीं।

केक काटने के बाद स्टंट करती दिखीं
इस वीडियो में कई अन्य लोग भी बर्थडे सेलिब्रेट करते नजर आए। कार का गेट खोलकर बर्थडे सेलिब्रेट करने के बाद सभी लोग स्टंट करते नजर आए। यह वीडियो अंबिकापुर शहर में स्थित सरगाव पैलेस रिसॉर्ट कॉम्प्लेक्स का बताया जा रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने सवाल उठाए और कार्रवाई की मांग की। हालांकि इस मामले में डीएसपी की पत्नी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।