लखनऊ उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। नेपाल में भूकंप का केंद्र रहा है। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.8 मेग्नीट्यूड मापी गई है। भूकंप आने के बाद लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल गए। दहशत का माहौल बन गया। यूपी और उत्तराखंड में दोहपर बाद 2:28 बजे भूकंप के तेज झटकों ने लोगों को दहशत से भर दिया। वर्ष 2023 में तीसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। यूपी से लेकर उत्तराखंड से जोशीमठ तक भूकंप के झटकों ने लोगों की चिंता और परेशानी बढ़ा दी है। जोशीमठ में दरारों के कारण पहले ही परेशानी बढ़ी हुई है। अब भूकंप के झटकों से दरार वाले मकान के अधिक जर्जर होने और खतरनाक की स्थिति में पहुंचने का अंदेशा जताया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भूकंप का झटका कई सेकेंड तक महसूस किया गया। ऊपरी इमारतों पर मौजूद लोगों को भूकंप के कारण डर और दहशत में देखा गया। ऊपरी मंजिल पर रहने और काम करने वाले लोगों को जैसे ही भूकंप महासूस होना शुरू हुआ, वे बिल्डिंग से बाहर निकलने का प्रयास करते दिखे। लखनऊ के गोमती नगर के विभूति खंड इलाके में स्थित साइबर हाइट बिल्डिंग से बड़ी संख्या में लोगों को दहशत के कारण बाहर निकलते देखा गया। लोग भूकंप और आफ्टर शॉक की डर के कारण सड़कों पर निकल गए। जर्नलिस्ट शशि पांडेय ने बताया कि अचानक भूकंप के झटके महसूस होने लगे। इसके बाद कार्यालय में मौजूद लोगों में दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया।

जोशीमठ में बढ़ी परेशानी
भूकंप ने जोशीमठ के लोगों की टेंशन बढ़ा दी है। जोशीमठ में पहले ही लोगों को लैंडस्लाइड के कारण बढ़ती दरारों के कारण घरों को छोड़कर निकलना पड़ रहा है। भू-वैज्ञानिकों का दावा है कि भूकंप के तेज झटकों के कारण लोगों के घरों में बने दरारों की संख्या बढ़ सकती है। जमीन के भीतर होने वाली हलचल से लैंडस्लाइड की गति बढ़ सकती है। इससे शहर में रहने वाले लोगों की समस्या गहराएगी। ऐसे में मंगलवार को आए भूकंप के झटकों के कारण लोगों की चिंता बढ़ गई है।